जनजातीय गौरव दिवस पर लेधपा में प्रभात फेरी और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन
मेरा युवा भारत, लातेहार के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित, क्विज प्रतियोगिता में रेशमा कुमारी ने हासिल किया प्रथम स्थान

कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। प्रभात फेरी मध्य विद्यालय लेधपा से प्रारंभ होकर गांव के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान युवाओं और प्रतिभागियों ने ‘भगवान बिरसा मुंडा अमर रहें’ तथा ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के नारे लगाकर उनके योगदान को याद किया।

इसके बाद भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने उनके जीवन संघर्ष, साहस, बलिदान और देश की आजादी में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। साथ ही युवाओं से उनके आदर्शों और विचारों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की गई।
क्विज प्रतियोगिता में रेशमा कुमारी ने मारी बाजी
कार्यक्रम के दौरान युवाओं के बीच क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में जनजातीय इतिहास, संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम और भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
प्रतियोगिता में रेशमा कुमारी ने प्रथम, नीलू कुमारी ने द्वितीय और शिला कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, पांच प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

युवाओं में जनजातीय गौरव और राष्ट्र निर्माण की भावना जगाना उद्देश्य
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करना है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने इतिहास, महापुरुषों और सांस्कृतिक पहचान को समझने का अवसर मिलता है।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख परसुराम लोहरा, बेंदी मुखिया रामदयाल उरांव, बेंदी वार्ड सदस्य केंद्र परहिया, ग्राम प्रधान लेधपा कुलदीप सिंह, कृषि मित्र पूर्णचंद सिंह, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक मुकेश कुमार सिंह, सोनू कुमार, धनिता कुमारी सहित स्थानीय युवा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
![]()





