जमशेदपुर में श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व,घाटों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब
स्वर्णरेखा घाट समेत शहर के विभिन्न छठ घाटों पर उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़, सामाजिक संस्थाओं ने सेवा शिविर लगाकर बांटी पूजन सामग्री

जमशेदपुर। लौह नगरी जमशेदपुर में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हो गया। नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना की। व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
शहर के मानगो स्वर्णरेखा घाट, सिदगोड़ा सूर्य मंदिर, दुमुहानी, पार्वती घाट, बड़ौदा घाट, केबल टाउन, लक्ष्मी नगर, जेमको, कंचन नगर, बर्मामाइंस, बर्मामाइंस ईस्ट प्लांट बस्ती, कीताडीह, टेल्को और दस नंबर बस्ती समेत विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। घाटों पर छठ गीतों और पारंपरिक भक्ति संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

मानगो स्वर्णरेखा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
विशेष रूप से मानगो स्वर्णरेखा घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ के जिला अध्यक्ष दिनेश साह ने भी अपने पूरे परिवार के साथ छठ महापर्व मनाया। वह पिछले कई वर्षों से इसी घाट पर छठ पूजा करते आ रहे हैं। इस वर्ष भी उन्होंने परिवार के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं ने संभाली व्यवस्था
छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा और यातायात की व्यवस्था की गई थी। वहीं, विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं ने सेवा भावना का परिचय देते हुए श्रद्धालुओं के बीच दूध, दातून, चाय, बिस्कुट, खीर, भोग, फल और अन्य आवश्यक पूजन सामग्री का निःशुल्क वितरण किया।
महिला व्रतियों की सुविधा के लिए विभिन्न घाटों पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी की गई थी।
इस तरह जमशेदपुर में छठ महापर्व श्रद्धा, सेवा, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुआ। पर्व ने एक बार फिर शहर की सांस्कृतिक एकता और सामूहिक सहभागिता की मिसाल पेश की।
![]()





