छठ घाट पर संध्या अर्घ्य के दौरान हादसा,आईईएल कर्मी प्रशांत कुमार की मौत
गोमिया के होसिर लरैयाटांड़ निवासी 40 वर्षीय प्रशांत कुमार ने तोड़ा दम, पत्नी, दो बेटियों और बुजुर्ग मां पर टूटा दुखों का पहाड़

अजीत नारायण प्रसाद की रिपोर्ट,
गोमिया। गोमिया प्रखंड के होसिर लरैयाटांड़ निवासी एवं आईईपीएल ओरिका कंपनी में केमिकल ऑपरेटर के पद पर कार्यरत 40 वर्षीय प्रशांत कुमार की छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना से उनके परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रशांत कुमार अपने ससुराल होसिर निवासी कृष्णानंद चौधरी के घर छठ महापर्व में शामिल होने आए थे। संध्या अर्घ्य के दौरान वह गोमिया छठ घाट पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें बेचैनी महसूस हुई और वे गिर पड़े।

आनन-फानन में परिजन उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए आईईएल स्थित ऑर्डियर अस्पताल ले गए। वहां उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची रेफर किया गया। हालांकि, रांची ले जाने की तैयारी के दौरान ही उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, हृदय गति रुकने से उनकी मृत्यु हुई।
पत्नी,दो बेटियों और बुजुर्ग मां के सामने जीवन का संकट
प्रशांत कुमार अपने पीछे पत्नी, दो छोटी बेटियों और बुजुर्ग मां को छोड़ गए हैं। परिवार के मुख्य सहारे के असमय चले जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना से गांव और आसपास के इलाके में मातम का माहौल है।
उनके निधन पर जनप्रतिनिधियों,आईईपीएल ओरिका कंपनी के पदाधिकारियों, गोमिया छठ समिति के सदस्यों, क्षेत्रवासियों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की।
![]()





