लिट्टीपाड़ा में पुलिस की साइकिल रैली, फिट इंडिया मूवमेंट से दिया फिटनेस का संदेश
थाना प्रभारी नागेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने की साइकिलिंग, नियमित व्यायाम अपनाने की अपील
निशांत कुमार सानू, पाकुड़। स्वस्थ जीवन और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को लिट्टीपाड़ा में पुलिसकर्मी खाकी वर्दी में साइकिल लेकर सड़क पर उतरे। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी नागेंद्र कुमार के नेतृत्व में थाना परिसर से साइकिल रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने आम लोगों को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
साइकिल रैली में थाना के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इस पहल के जरिये लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि स्वस्थ रहने के लिए शारीरिक सक्रियता और नियमित व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। अभियान का उद्देश्य केवल फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना ही नहीं, बल्कि साइकिल के उपयोग को प्रोत्साहित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना भी रहा।
स्वस्थ शरीर ही बेहतर कार्यक्षमता का आधार : नागेंद्र कुमार
मौके पर थाना प्रभारी नागेंद्र कुमार ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपनी सेहत को नजरअंदाज कर रहे हैं। स्वस्थ और सक्रिय रहने के लिए नियमित व्यायाम बेहद जरूरी है। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी काफी व्यस्त और चुनौतीपूर्ण होती है, इसलिए उन्हें भी अपनी दिनचर्या में फिटनेस के लिए समय निकालना चाहिए। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे फिट इंडिया मूवमेंट से जुड़ें और साइकिलिंग व व्यायाम को अपनी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
![]()