रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, 4 बच्चों और 4 महिलाओं समेत 13 की मौत; रजरप्पा मंदिर जा रहे थे श्रद्धालु
Jharkhand News
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रविवार तड़के करीब दो बजे रांची-पटना हाईवे पर हुई। स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे। सभी बिहार के नालंदा जिले के जंगहारो गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी श्रद्धालु रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी भीषण हादसे का शिकार हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। लोगों ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो से यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 13 लोगों को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक घायल व्यक्ति का इलाज जारी है।
फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के गांव और परिजनों में शोक की लहर है।
![]()