रेल पटरी से महज पांच फीट दूर जमीन में पड़ी दरार, झंझरी पुल के पास फिर मंडराया गंगा कटाव का खतरा
सितंबर में कटाव के कारण एक सप्ताह तक ठप रहा था रेल परिचालन, दोबारा दरार उभरने से रेलवे प्रशासन की बढ़ी चिंता
निशांत कुमार सानू की रिपोर्ट,
तालझारी : महाराजपुर में गंगा कटाव का खतरा एक बार फिर रेलवे ट्रैक के बेहद करीब पहुंच गया है। झंझरी पुल के समीप पोल संख्या 219/38 के पास जमीन में लंबी दरार उभर आयी है। रेल पटरी से महज पांच फीट की दूरी पर पड़ी इस दरार ने रेलवे प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सितंबर में इसी इलाके में गंगा कटाव के कारण करीब एक सप्ताह तक ट्रेनों का परिचालन बंद करना पड़ा था। अब दोबारा जमीन में दरार उभरने से उस संकट की पुनरावृत्ति की आशंका गहराने लगी है। सवाल है कि बार-बार कटाव की चपेट में आ रहे इस संवेदनशील रेलखंड को सुरक्षित रखने के लिए स्थायी इंतजाम कब होंगे?
पांच फीट की दूरी पर दरार, फिर बढ़ी खतरे की आशंका
महाराजपुर रेलवे ट्रैक के समीप जमीन में लंबी दरार देखी गयी है। पटरी से इसकी दूरी महज पांच फीट बतायी जा रही है। गंगा कटाव प्रभावित इस इलाके में दोबारा दरार उभरना रेलवे ट्रैक की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है। समय रहते स्थिति का आकलन और प्रभावी बचाव कार्य नहीं हुआ, तो परेशानी और बढ़ सकती है।
सितंबर में एक सप्ताह तक बंद रहा था परिचालन
गौरतलब है कि सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में गंगा कटाव के कारण रेलवे को करीब एक सप्ताह तक रेल परिचालन बंद करना पड़ा था। उस दौरान हजारों मजदूरों को लगाकर युद्धस्तर पर बचाव कार्य कराया गया था। जालियों में बोल्डर भरकर गंगा में डाले गये थे। मालगाड़ी के वैगन के माध्यम से भी बोल्डर गिराकर कटाव रोकने का प्रयास किया गया था। रेलवे विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त मशक्कत के बाद कटाव पर नियंत्रण पाया गया और रेल परिचालन बहाल हुआ था।
बोल्डर डालने का काम जारी, स्थायी समाधान की मांग
फिलहाल रेलवे की ओर से जालियों में बोल्डर डालकर कटाव रोकने का काम कराया जा रहा है। कटाव स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे समाजसेवी बजरंगी महतो ने रेलवे प्रशासन से ठोस और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रेल पटरी के इतने करीब जमीन में दरार आना गंभीर विषय है। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल प्रभावी कदम उठाये जाने चाहिए।
बार-बार कटाव, कब मिलेगा स्थायी समाधान?
सितंबर की घटना के बाद अब दोबारा दरार उभरने से रेलवे की कटाव निरोधक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल बोल्डर डालकर बचाव की कोशिश जारी है, लेकिन इस संवेदनशील स्थल पर स्थायी सुरक्षा उपायों की जरूरत महसूस की जा रही है। अब देखना है कि रेलवे प्रशासन इस बार खतरे को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित करने के लिए क्या कदम उठाता है।
![]()