Palamu News:विस्थापन और मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों के साथ सीसीएल प्रबंधक से मिले आशीष भारद्वाज
तीन घंटे से अधिक चली बैठक में 25 प्रभावित परिवारों के मुआवजे, विस्थापन और ग्रामीण महिलाओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने का उठा मुद्दा
संवाददाता : अनुज तिवारी,
पलामू। सीसीएल राजहरा कोलफील्ड एरिया में ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई झड़प के मामले को लेकर युवा समाजसेवी आशीष भारद्वाज ने प्रभावित ग्रामीणों के साथ सीसीएल प्रबंधन से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों के विस्थापन, उचित मुआवजे और अन्य लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। सीसीएल राजहरा के प्रबंधक एमएम चतुर्वेदी के साथ तीन घंटे से अधिक समय तक चली बैठक में समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
जानकारी के अनुसार, दो-तीन दिन पूर्व कोलफील्ड क्षेत्र के ग्रामीणों ने आशीष भारद्वाज से फोन पर संपर्क कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया था। ग्रामीणों का आरोप था कि सीसीएल प्रबंधन द्वारा उन्हें विधिवत विस्थापित किए बिना ही ब्लास्टिंग का कार्य शुरू किया जा रहा है। इसका विरोध करने पर ग्रामीणों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद आशीष भारद्वाज ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही पलामू के उपायुक्त और पड़वा थाना प्रभारी को भी पूरे मामले से अवगत कराया।
इसी क्रम में शनिवार को ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल के साथ उन्होंने सीसीएल राजहरा प्रबंधन से मुलाकात की। बैठक में प्रभावित परिवारों की मांगों को विस्तार से रखा गया। इनमें लंबित 25 परिवारों के मुआवजे का भुगतान, नियमानुसार विस्थापन, जमीन और मकान का उचित मुआवजा तथा ग्रामीण महिलाओं पर सीसीएल की ओर से दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग प्रमुख रही।
बैठक के बाद आशीष भारद्वाज ने बताया कि प्रबंधन के साथ हुई बातचीत सकारात्मक रही है। प्रबंधक एमएम चतुर्वेदी ने ग्रामीणों की मांगों पर विचार करते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
उन्होंने कहा कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं और न ही सीसीएल के खनन कार्य में बाधा डालना चाहते हैं। लेकिन विकास के नाम पर ग्रामीणों के हक और अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीसीएल को खनन कार्य आगे बढ़ाने से पहले प्रभावित परिवारों का उचित मुआवजा सुनिश्चित करना चाहिए और उनका विधिवत विस्थापन करना चाहिए।
आशीष भारद्वाज ने कहा कि जब तक प्रभावित परिवारों की समस्याओं का संपूर्ण समाधान नहीं हो जाता, तब तक वे इस मामले को उठाते रहेंगे। उन्होंने ग्रामीणों को उनके अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के अलावा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
![]()