पलामू परवाज अभियान: डीसी बोले- पहले पढ़ाई, फिर नौकरी और शादी
पलामू परवाज अभियान के तहत आउट ऑफ स्कूल एवं ड्रॉपआउट बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल, उपायुक्त ने नियमित विद्यालय आने की दिलाई शपथ
इस दौरान उपायुक्त ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। बच्चों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा, “पहले पढ़ाई, फिर नौकरी और उसके बाद शादी।” उन्होंने कहा कि जीवन में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। बच्चों और अभिभावकों को जागरूक करते हुए उपायुक्त ने सभी बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन की व्यवस्था की गई।
उपायुक्त ने कहा कि पलामू परवाज अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के किसी भी बच्चे को शिक्षा से वंचित नहीं रहने देना है। इसके तहत विद्यालय से बाहर रह रहे बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनकी नियमित उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति रुचि विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षित बच्चे ही अपने सपनों को साकार कर सकते हैं और विकसित पलामू के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
दस नवनियुक्त सहायक आचार्यों को मिला नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने दस नवनियुक्त सहायक आचार्यों के बीच नियुक्ति पत्रों का भी वितरण किया। इस पहल से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में कदम उठाया गया।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य अर्जुन सिंह, मुखिया पूनम यादव, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार पाण्डेय, मेदिनीनगर प्रखंड विकास पदाधिकारी जागो महतो, जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक सुभाष अनुराग एक्का सहित क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, बीआरसी कर्मी, बीआरपी, सीआरपी एवं शिक्षक उपस्थित थे।
इसके अलावा उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिंदुरिया की प्रधानाध्यापिका कल्पना कुमारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
![]()