Sahibganj News
बेटी के घर सकरीगली आये थे मोहम्मद अजीज, टहलने के दौरान हुआ हादसा; सिर और पैर में आयी गंभीर चोट
निशांत कुमार सानू की रिपोर्ट,
साहिबगंज :-बेटी के घर कुछ दिन बिताने आये 56 वर्षीय वृद्ध शुक्रवार को जिंदगी और मौत के बीच जूझने को मजबूर हो गये। घर से टहलने निकले मोहम्मद अजीज सकरीगली स्टेशन के समीप गया पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे में उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आयी हैं। घटना के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बेटी के घर आये थे, टहलने निकले और ट्रेन की चपेट में आ गये
घायल की पहचान बिहार के भागलपुर जिला अंतर्गत शिवनारायणपुर के कारी कादो गांव निवासी मोहम्मद अजीज (56) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अजीज अपनी बेटी के घर सकरीगली के छोटी भगियामारी आये हुए थे। शुक्रवार को वह टहलने की बात कहकर घर से निकले थे। इसी दौरान रेलवे पटरी के समीप साहिबगंज की ओर आ रही गया पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गये। ट्रेन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
सिर और पैर में गंभीर चोट, प्राथमिक उपचार के बाद रेफर
हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ केशव कृष्णा ने उनका उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार, वृद्ध के सिर और पैर में गंभीर चोटें आयी हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
![]()