बरहरवा स्टेशन पर मानव तस्करी की कोशिश नाकाम, सात नाबालिग मुक्त
हर बच्चे के बदले 15 हजार रुपये मिलने की थी बात, तमिलनाडु के सलेम स्थित आम के बागान में 8 से 10 घंटे मजदूरी कराने की थी तैयारी; मुक्त बच्चों में एक की उम्र महज 13 वर्ष
निशांत कुमार सानू की रिपोर्ट,
बरहरवा (साहिबगंज)। बच्चों का बचपन और उनका भविष्य महज 15 हजार रुपये में बेचने की तैयारी थी। बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की सतर्कता से कथित मानव तस्करी के एक मामले का खुलासा हुआ है। सात नाबालिग बच्चों को मजदूरी कराने के उद्देश्य से तमिलनाडु के सलेम ले जाने की कोशिश की जा रही थी। वहां आम के बागान में उनसे प्रतिदिन आठ से दस घंटे तक काम कराने की योजना थी। लेकिन बच्चों को दूसरे राज्य ले जाने से पहले ही आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए सभी सात बच्चों को मुक्त करा लिया और उन्हें ले जा रहे 27 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया।
हर बच्चे के बदले 15 हजार, सलेम के बागान में खपाने की तैयारी
गिरफ्तार युवक की पहचान गुलाम रसूल (27), निवासी उत्तरी सरफराजगंज, फुदकीपुर, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सातों बच्चों को वनांचल एक्सप्रेस से बरहरवा से धनबाद और वहां से दूसरी ट्रेन के जरिए तमिलनाडु के सलेम ले जाने वाला था। वहां आम के बागान में बच्चों से सफाई, पेड़ों पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और आम तोड़ने का काम कराया जाना था। प्रत्येक बच्चे के बदले करीब 15 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। आरोपी के अनुसार, बच्चों से प्रतिदिन आठ से दस घंटे काम कराया जाना था। इसके एवज में उसे बागान मालिक से कमीशन मिलने की बात भी सामने आयी है।
गुप्त सूचना पर आरपीएफ की दबिश, प्रतीक्षालय में पकड़ा गया आरोपी
27 नवंबर की रात गुप्त सूचना मिलने के बाद आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल बनाया गया। टीम में कांस्टेबल सुजीत कुमार सिंह, सतीश कुमार, अनिल कुमार साह और मंथन संस्था बरहरवा की प्रतिनिधि अराधना मंडल शामिल थीं। संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या एक स्थित प्रतीक्षालय में छापेमारी की। मौके पर सात नाबालिग बच्चे आरोपी के साथ मिले। आरपीएफ ने तत्काल सभी बच्चों को मुक्त कराया और गुलाम रसूल को गिरफ्तार कर लिया।
एक बच्चा महज 13 साल का, छह की उम्र 15 से 17 वर्ष
मुक्त कराये गये सात बच्चों में एक की उम्र महज 13 वर्ष है, जबकि शेष छह बच्चे 15 से 17 वर्ष के बीच के हैं। इतनी कम उम्र में बच्चों से लंबे समय तक मजदूरी कराने के साथ कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने की योजना थी। इससे उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। समय रहते आरपीएफ की कार्रवाई से बच्चों को संभावित शोषण से बचा लिया गया।
जीआरपी ने दर्ज किया केस, आरोपी पर कई धाराओं में कार्रवाई
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने गिरफ्तार आरोपी को लिखित शिकायत के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया। जीआरपी ने 28 नवंबर को कांड संख्या 65/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 143(5), 3(5) तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75/81 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी सात बच्चों को आवश्यक संरक्षण, देखभाल और पुनर्वास के लिए बाल कल्याण समिति एवं सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की गयी है।
बच्चों की तस्करी पर नजर रखें, संदिग्ध गतिविधि दिखे तो 139 पर दें सूचना
आरपीएफ ने आम लोगों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन या ट्रेनों में बच्चों को बहला-फुसलाकर मजदूरी अथवा शोषण के उद्देश्य से ले जाने की संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें।
![]()