केशव तिवारी, ब्यूरो चीफ,
पाकुड़। राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में पाकुड़ के खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से जिले का मान बढ़ाया है। रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता-2026 में पाकुड़ की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान टीम ने अपने दो मुकाबलों में कुल 10 गोल दागकर अपनी आक्रामक खेल क्षमता का परिचय दिया। वहीं, पलामू के खिलाफ स्टीफन टुडू की शानदार हैट्रिक मुकाबले का मुख्य आकर्षण रही।
पहले ही मुकाबले में कोल्हान को 5-1 से धोया
राज्य के पांच प्रमंडलों की टीमों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में संथाल परगना प्रमंडल की ओर से पाकुड़ की टीम मैदान में उतरी। पहले मुकाबले से ही खिलाड़ियों ने आक्रामक तेवर दिखाये। शानदार तालमेल, तेज आक्रमण और सटीक गोल के दम पर पाकुड़ ने कोल्हान प्रमंडल को 5-1 गोल से रौंदकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।
सेमीफाइनल में धनबाद से भिड़ंत, नहीं मिली सफलता
सेमीफाइनल में पाकुड़ के सामने उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल की मजबूत धनबाद टीम की चुनौती थी। मुकाबले में पाकुड़ के खिलाड़ियों ने संघर्ष और जुझारूपन दिखाया, लेकिन धनबाद की टीम ने 3-0 गोल से जीत दर्ज की। सेमीफाइनल की निराशा को पीछे छोड़ पाकुड़ के खिलाड़ियों ने तीसरे स्थान के मुकाबले में शानदार वापसी की।
पलामू के खिलाफ पांच गोल, स्टीफन टुडू ने जमाई हैट्रिक
तीसरे स्थान के मुकाबले में पाकुड़ की टीम पूरी तरह हावी रही। खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही पलामू प्रमंडल पर दबाव बनाये रखा और लगातार गोल दागते हुए मुकाबले को एकतरफा बना दिया। पाकुड़ ने पलामू को 5-0 गोल से करारी शिकस्त देकर तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। इस मुकाबले में स्टीफन टुडू ने अपने शानदार खेल से सबका ध्यान खींचा और तीन गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। उनकी गोलबाजी के सामने पलामू की टीम बेबस नजर आयी।
सीमित संसाधनों में बड़ी उपलब्धि, खिलाड़ियों पर जिले को गर्व : राहुल कुमार
जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार ने पाकुड़ टीम की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल करना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और खेल भावना से पाकुड़ का मान बढ़ाया है। स्टीफन टुडू का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। जिला स्तर पर खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए लगातार प्रयास किये जायेंगे।
![]()