
कोटालपोखर संवाददाता। फरक्का पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 133 कीमती मोबाइल फोन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल फोन झारखंड के साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ इलाके से होते हुए बांग्लादेश भेजे जाने की तैयारी थी।
गुप्त सूचना पर शुरू हुई नाकाबंदी
फरक्का पुलिस को सूचना मिली थी कि झारखंड के बरहरवा की ओर से एक संदिग्ध युवक मोबाइल फोन लेकर फरक्का की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर एनटीपीसी मोड़ स्थित पुलिस फाड़ी के जवानों ने नेताजी सेतु के पास मुख्य सड़क पर नाका चेकिंग अभियान शुरू किया।
बैग से बरामद हुए 133 मोबाइल फोन
चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध परिस्थिति में एक युवक को रोककर उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से अलग-अलग कंपनियों के कुल 133 मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान मसादुल रहमान (26) के रूप में हुई है। वह मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज थाना क्षेत्र के हिजोलतल्ला का निवासी बताया गया है।
पुलिस रिमांड की मांग
फरक्का थाने के आईसी अमित मुखर्जी के अनुसार, मंगलवार देर रात गुप्त सूचना मिलने के बाद एनटीपीसी मोड़ स्थित पुलिस फाड़ी की टीम ने नेताजी सेतु के पास चेकिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान मसादुल रहमान को पकड़ा गया और उसके पास से 133 मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया। मामले की आगे की जांच के लिए पुलिस की ओर से आरोपी को रिमांड पर लेने की मांग की गयी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल फोन कहां से लाये गये थे और इन्हें बांग्लादेश भेजने की कथित योजना में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
![]()






