पाकुड़ में ठंड से बचाव की तैयारी, 30 लोगों के लिए आश्रय गृह तैयार
30 लोगों के ठहरने की व्यवस्था, बेड-कंबल और पेयजल की सुविधा निःशुल्क; बेघर लोगों के साथ यात्रियों को भी मिलेगा सहारा
केशव तिवारी पाकुड़,
पाकुड़। ठंड की दस्तक के साथ ही खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वाले बेघर, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों की परेशानियां बढ़ने लगी हैं। रात की कनकनी और सर्द हवाओं से बचाने के लिए पाकुड़ नगर परिषद ने सराहनीय पहल की है। नगर परिषद की ओर से महात्मा गांधी बस स्टैंड स्थित आश्रय गृह को जरूरतमंदों के लिए तैयार कर दिया गया है। यहां एक साथ 30 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। खास बात यह है कि आश्रय गृह में रहने, कंबल और पेयजल सहित बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
30 लोगों के ठहरने की व्यवस्था, बिछाये गये बेड और कंबल
नगर परिषद के नगर मिशन प्रबंधक मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि ठंड को देखते हुए आश्रय गृह में सभी जरूरी इंतजाम किये गये हैं. यहां 30 बेड लगाए गए हैं. प्रत्येक बेड पर चादर और ठंड से बचाव के लिए कंबल उपलब्ध कराया गया है. साथ ही पेयजल की भी व्यवस्था की गयी है, ताकि रात गुजारने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो.
बेघर ही नहीं, रात में फंसे यात्रियों को भी मिलेगा सहारा
आश्रय गृह का लाभ बेघर, असहाय और मजदूरों के साथ-साथ रात में सफर करने वाले यात्रियों को भी मिलेगा. देर रात बस नहीं मिलने या किसी अन्य विषम परिस्थिति में फंसने वाले यात्री यहां सुरक्षित ठहर सकेंगे. बस स्टैंड परिसर में आश्रय गृह होने से बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए भी यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी.
ठंड बढ़ी तो हीटर और अलाव से मिलेगी राहत
नगर मिशन प्रबंधक ने बताया कि ठंड का प्रकोप बढ़ने पर आश्रय गृह में हीटर और अलाव की व्यवस्था भी की जायेगी. साफ-सफाई और सुविधाओं के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. नगर परिषद की कोशिश है कि ठंड के मौसम में कोई भी गरीब, बेसहारा या जरूरतमंद व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर न हो.
आश्रय गृह के आसपास सफाई कराने की मांग
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की इस पहल का स्वागत किया है. उनका कहना है कि हर साल ठंड के मौसम में बेघर और जरूरतमंद लोगों को रात गुजारने में काफी परेशानी होती है. ऐसे में आश्रय गृह उनके लिए बड़ी राहत है. हालांकि, लोगों ने बस स्टैंड परिसर में नियमित साफ-सफाई कराने और आश्रय गृह की व्यवस्था को दुरुस्त रखने की मांग भी उठायी है.
जरूरतमंदों को आश्रय गृह तक पहुंचाने की अपील
नगर मिशन प्रबंधक मनीष कुमार मिश्रा ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति ठंड में खुले आसमान के नीचे रात गुजारता दिखाई दे, तो उसे महात्मा गांधी बस स्टैंड स्थित आश्रय गृह तक पहुंचाने में सहयोग करें. नगर परिषद का उद्देश्य है कि सर्द रातों में किसी जरूरतमंद को बेघर होकर ठिठुरने की नौबत न आये.
![]()