सावन की चौथी सोमवारी पर देवकी बाबा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा देवकी बाबा धाम,श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था

घाघरा। सावन माह की चौथी सोमवारी पर प्रखंड के सुप्रसिद्ध देवकी बाबा धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ एवं मां पार्वती का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि की कामना की।
गुमला जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवकी बाबा धाम पहुंचे। घाघरा के छठ मोहल्ला से श्रद्धालु कांवर लेकर पैदल धाम पहुंचे और बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर मंदिर समिति की ओर से लंगर की व्यवस्था की गई थी। लंगर में भक्तों के बीच प्रसाद एवं भोजन का वितरण किया गया। वहीं, सड़क किनारे स्थित देवकी बाबा धाम का मनोरम प्राकृतिक वातावरण भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
चौथी सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से पूरे क्षेत्र में शिवभक्ति की छटा देखने को मिली।
![]()





