इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए झारखंड के पूर्व मंत्री के. एन. त्रिपाठी
राष्ट्रीय स्तर पर मजदूरों के अधिकार और हितों की आवाज बुलंद करने की मिली जिम्मेदारी
संवाददाता : अनुज तिवारी,
पलामू। भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के 34वें राष्ट्रीय महाधिवेशन में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री के. एन. त्रिपाठी को संगठन का निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से आए विभिन्न मजदूर संगठनों और श्रमिक यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद के. एन. त्रिपाठी के कंधों पर देशभर के मजदूरों के अधिकार, सम्मान और हितों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की जिम्मेदारी होगी। उनके निर्वाचन को झारखंड के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
सम्मेलन में लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस दौरान श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा, श्रम कानूनों से जुड़े विषयों तथा देशभर के मजदूर संगठनों को एकजुट करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
के. एन. त्रिपाठी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने से झारखंड को इंटक के राष्ट्रीय नेतृत्व में प्रतिनिधित्व मिला है। अब संगठन के राष्ट्रीय स्तर पर मजदूरों से जुड़े मुद्दों और उनकी मांगों को लेकर आगामी भूमिका पर सबकी नजर रहेगी।
![]()