पाकुड़ के महेशपुर में वाहन जांच अभियान, बिना हेलमेट और लाइसेंस वालों पर पुलिस सख्त
थाना प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में हुई जांच, एक दर्जन से अधिक बाइक चालकों के वाहन नंबर किए गए दर्ज
निशांत कुमार सानू की रिपोर्ट,
पाकुड़। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ महेशपुर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में थाना प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में थाना के समीप मुख्य सड़क पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अचानक शुरू हुए इस अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
जांच अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों को रोककर आवश्यक कागजातों की जांच की गई। पुलिस की विशेष नजर बिना हेलमेट बाइक चलाने, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने और ट्रिपल लोडिंग करने वालों पर रही।
भारी वाहनों के चालकों के लाइसेंस की भी हुई जांच
अभियान के दौरान भारी वाहनों को भी रोककर चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई। इस दौरान थाना प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय ने चालकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में वाहन की स्टीयरिंग खलासी के हाथों में न सौंपें। वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन चलाना गंभीर लापरवाही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ई-रिक्शा चालकों को भी दी गई हिदायत
पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों को भी यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाने और जल्द से जल्द वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने का निर्देश दिया। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए एक दर्जन से अधिक बाइक चालकों के वाहनों के नंबर दर्ज किए गए।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि बिना हेलमेट बाइक चलाने, ट्रिपल लोडिंग करने और आवश्यक कागजात के बिना वाहन चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर करें।
वाहन जांच अभियान में साहिद खान सहित चौकीदार एवं पुलिस बल के जवान मौजूद थे।
![]()