पाकुड़ के हरिणडंगा हाई स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, बच्चों को दी गयी यातायात नियमों की जानकारी
पाकुड़ में सड़क सुरक्षा को लेकर स्कूली बच्चों को किया गया जागरूक, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व की दी जानकारी
पाकुड़ संवाददाता: सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल, नियंत्रित रफ्तार तथा यातायात नियमों का पालन ही सड़क दुर्घटनाओं से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है। इसी संदेश के साथ शुक्रवार को झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत पीएम श्री हरिणडंगा हाई स्कूल में जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान सड़क सुरक्षा टीम के सदस्यों ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक किया।
हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल जीवन रक्षा के लिए जरूरी
जागरूकता अभियान के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
टीम के सदस्यों ने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ट्रैफिक सिग्नल का सम्मान करने और सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने की जानकारी दी। साथ ही नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति नहीं देने की अपील की गयी। अभिभावकों को भी इस मामले में विशेष सतर्कता बरतने का संदेश दिया गया।
खुद जागरूक बनें और दूसरों को भी करें जागरूक
सड़क सुरक्षा टीम ने कहा कि तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। थोड़ी-सी सावधानी और नियमों का पालन करके कई अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है।
विद्यार्थियों से अपील की गयी कि वे यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करें।
मौके पर सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य रितेश कुमार सिंह, मोहम्मद अजहद अंसारी और अमित कुमार राम उपस्थित थे।
![]()