बरहेट में 205 सखी मंडलों को आर्थिक सहायता, अबुआ आवास के लाभुकों को मिली चाबी
बरहेट में स्थापना दिवस पखवाड़ा पर योजनाओं की सौगात, 205 सखी मंडलों को मिला आर्थिक सहयोग
सोहन साह की रिपोर्ट।
बरहेट: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को बरहेट प्रखंड मुख्यालय में सरकारी योजनाओं के लाभ वितरण को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं, किसानों, मजदूरों और जरूरतमंद परिवारों के बीच विभिन्न योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता, कृषि बीज, परिसंपत्तियां, पेंशन स्वीकृति पत्र, आवास की चाबियां और प्रशस्ति पत्र वितरित किये गये। कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नाड मरांडी, बीडीओ अंशु कुमार पांडेय एवं प्रखंड सचिव मुजिबुर रहमान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
205 सखी मंडलों को मिला आर्थिक संबल, महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा
महिला सशक्तीकरण की दिशा में जेएसएलपीएस की ओर से 205 सखी मंडलों को आर्थिक सहायता प्रदान की गयी। इनमें 90 सखी मंडलों को बैंक क्रेडिट लिंकेज तथा 115 सखी मंडलों को सामुदायिक निवेश निधि के तहत चेक सौंपे गये। इस सहायता से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार, छोटे व्यवसाय और आजीविका के साधनों को मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
किसानों को मसूर, सरसों और गेहूं के बीज, मजदूरों का हुआ सम्मान
किसानों को कृषि कार्य के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मसूर, सरसों और गेहूं के बीज वितरित किये गये। पशुधन विकास योजना के तहत लाभुकों को परिसंपत्तियां दी गयीं। वहीं, दो लाभुकों को पेंशन की स्वीकृति प्रदान की गयी। विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले पांच मजदूरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अबुआ आवास की चाबी मिलते ही दो परिवारों का अपना घर का सपना हुआ पूरा
समारोह का खास आकर्षण अबुआ आवास योजना के लाभुकों को चाबी सौंपना रहा। फूलभंगा निवासी गोपाल बेसरा और बरहेट संथाली दक्षिणी की गीता देवी को गृह प्रवेश के लिए आवास की चाबी और उपहार प्रदान किये गये। अपने आशियाने की सौगात पाकर दोनों लाभुक परिवारों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इधर, स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में भाग लेने के लिए सखी मंडल की दीदियों को रांची रवाना किया गया।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : बर्नाड मरांडी
मौके पर बर्नाड मरांडी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक रहने की अपील की। साथ ही एसआईआर प्रक्रिया को निर्धारित समय पर पूरा करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रविशंकर कुमार, समदा सोरेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
![]()