गोमिया। भारत के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर गोमिया प्रखंड के यूथ सेंटर होसिर में ओएनजीसी (ONGC) की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नागपुरी नृत्य प्रस्तुत कर दिव्या कुमारी और प्रीति कुमारी ने अपनी शानदार प्रतिभा से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। दोनों की आकर्षक प्रस्तुति को खूब सराहना मिली। इस प्रतियोगिता में दोनों ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपने क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया।
अपनी सफलता पर दिव्या और प्रीति ने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय उनके माता-पिता को जाता है। माता-पिता के सहयोग और प्रोत्साहन के कारण ही वे पूरी तैयारी के साथ कार्यक्रम में हिस्सा ले सकीं और बेहतर प्रदर्शन कर पाईं।
माता-पिता ने दिया आशीर्वाद
दिव्या कुमारी की माता वंदना देवी और पिता नटवरलाल प्रसाद तथा प्रीति कुमारी की माता रिंपी देवी और पिता राजू प्रसाद ने बेटियों की उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। उन्होंने दोनों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनकी सफलता का श्रेय गुरुओं के मार्गदर्शन और शिक्षा को भी दिया। साथ ही भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने दी बधाई
दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। बधाई देने वालों में जिला परिषद सदस्य आकाश लाल सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रकाश लाल सिंह, कांग्रेस नेता सूरज लाल सिंह, मुखिया शोभा देवी, उपमुखिया पंकज कुमार जैन, पंचायत समिति सदस्य चांदनी देवी, पंचायत समिति सदस्य विष्णु लाल सिंह, दिलीप दे, कमल नारायण प्रसाद और विराट प्रसाद सहित अन्य लोग शामिल थे।
![]()