लातेहार। जिले के गारू थाना क्षेत्र अंतर्गत सरयू तेतरटोला गांव में पिकअप वाहन जलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रांची से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक कुमार यादव (26 वर्ष), निवासी सराढू, टंडवा, जिला चतरा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर 2026 की रात अज्ञात अपराधियों ने सरयू तेतरटोला गांव में एक पिकअप वाहन को आग लगाकर जला दिया था। घटना के संबंध में गारू थाना में कांड संख्या 25/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326(f) में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, कुमार गौरव के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रांची के रातू रोड स्थित शिव दुर्गा मंदिर लेन में छापेमारी की और मामले के अप्राथमिकी अभियुक्त अशोक कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में कथित रूप से प्रयुक्त पेट्रोल की बोतल, माचिस तथा एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
![]()