बरहरवा आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार समेत तीन कर्मियों को मालदा में मिला मेडल
Pakud news
निशान कुमार सानू की रिपोर्ट,
बरहरवा : ड्यूटी के दौरान मुस्तैदी दिखायी, संकट में फंसे यात्रियों की जान बचायी और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रेलवे सुरक्षा की मिसाल पेश की। बरहरवा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट के तीन कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यों को अब विभागीय पहचान मिली है। किसी ने अपनी तत्परता से महिला यात्री की जान बचायी, तो किसी ने ट्रेन में सफर कर रहे बांग्लादेशी नागरिक को पकड़कर सुरक्षा व्यवस्था में अहम योगदान दिया। वहीं, अपराध नियंत्रण के मोर्चे पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में कई बड़ी सफलताएं हासिल की गयीं। वर्ष 2025-26 के दौरान किये गये इन उल्लेखनीय कार्यों के लिए इंस्पेक्टर संजीव कुमार, सहायक उप निरीक्षक सुरेश पासवान और कांस्टेबल मृत्युंजय कुमार को सम्मानित किया गया। शुक्रवार को मालदा में आयोजित समारोह में पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सह महानिरीक्षक अमिय नंदन सिन्हा ने तीनों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर मालदा के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे।
174 से अधिक मोबाइल बरामद, 16 लाख की चोरी का पर्दाफाश
इंस्पेक्टर संजीव कुमार को अपराध नियंत्रण और रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। उनके नेतृत्व में 174 से अधिक मोबाइल फोन बरामद किये गये। इसके अलावा नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू कराने, अफीम तस्करी के मामलों में कार्रवाई करने और करीब 16 लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी से जुड़े मामलों का सफल उद्भेदन किया गया। इन कार्रवाइयों के जरिये रेलवे क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर आरपीएफ की सक्रियता सामने आयी।
ट्रेन में एस्कॉर्ट ड्यूटी के दौरान पकड़ा बांग्लादेशी नागरिक
सहायक उप निरीक्षक सुरेश पासवान ने ट्रेन एस्कॉर्ट ड्यूटी के दौरान अवैध रूप से यात्रा कर रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ने में अहम भूमिका निभायी। उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई को विभाग ने सराहा। इसी उल्लेखनीय कार्य के लिए उन्हें मेडल एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
महिला यात्री की जान बचाकर निभायी बड़ी जिम्मेदारी
कांस्टेबल मृत्युंजय कुमार ने संकट की स्थिति में एक महिला यात्री की जान बचाकर अपनी कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। उनकी तत्परता और सूझबूझ से महिला यात्री को समय पर मदद मिल सकी। यात्री सुरक्षा के प्रति इस मानवीय और सराहनीय योगदान के लिए विभाग ने उन्हें सम्मानित किया।
सम्मान ने बढ़ाया हौसला,आगे भी जारी रहेगी सेवा : संजीव कुमार
सम्मान मिलने पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की रक्षा और अपराध पर अंकुश लगाना आरपीएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग की ओर से मिला सम्मान पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। यह उपलब्धि आगे भी पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य निर्वहन करने की प्रेरणा देगी। उन्होंने इस सम्मान का श्रेय वरीय अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहकर्मियों के सहयोग को दिया।
![]()