संवाददाता: प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला),
मामले की जानकारी मिलने पर विभाग के कनीय अभियंता आशीष कुमार निर्माण स्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और अनियमितता वाले हिस्से की सड़क उखाड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार, पूर्व बराड़ीह, हालमाटी होते हुए कासपोढ़या तक लगभग 6.5 किलोमीटर लंबी कालीकरण सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना की लागत करीब 6 करोड़ 50 लाख रुपये बताई जा रही है। निर्माण कार्य का जिम्मा ठेकेदार लक्ष्मी नारायण जायसवाल को दिया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि बीते गुरुवार की रात सड़क निर्माण कार्य कराया गया था। शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीणों ने सड़क की स्थिति देखी तो जगह-जगह निर्माण सामग्री की गुणवत्ता खराब नजर आई। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की परत अपने आप उखड़ने लगी थी। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने तत्काल निर्माण कार्य बंद करा दिया।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि इस सड़क के निर्माण के लिए क्षेत्र के लोगों ने कई बार आंदोलन किया और चुनाव बहिष्कार तक की चेतावनी दी थी। लंबे संघर्ष के बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ है। ऐसे में निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मांग की कि ठेकेदार रात के अंधेरे में काम करना बंद करे और निर्माण कार्य के दौरान विभाग के अभियंता अनिवार्य रूप से स्थल पर मौजूद रहें। अभियंता की निगरानी में ही आगे काम कराया जाए।
ग्रामीणों की शिकायत पर भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी, महामंत्री अमित कुमार ठाकुर और पूर्व मुखिया संजय उरांव भी निर्माण स्थल पर पहुंचे। उन्होंने विभागीय कनीय अभियंता के समक्ष नाराजगी जताते हुए कहा कि वर्षों के आंदोलन के बाद इस इलाके में सड़क निर्माण की उम्मीद जगी है। पहले सड़क नहीं होने के कारण लोग इस गांव में अपनी बेटियों की शादी करने से भी कतराते थे। अब जब सड़क बन रही है तो उसमें भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य अभियंता की उपस्थिति और निगरानी में ही होना चाहिए।
इस संबंध में कनीय अभियंता आशीष कुमार ने स्वीकार किया कि उनकी अनुपस्थिति में ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जो निर्धारित तापमान पर गर्म नहीं थी। उन्होंने कहा कि संबंधित हिस्से की सड़क को उखाड़कर दोबारा सही तरीके से बनाया जाएगा। जहां-जहां भी निर्माण में खामियां हैं, उन्हें दूर कर गुणवत्ता के साथ सड़क निर्माण कराया जाएगा।
![]()