Mahuaadanar News
खनन टास्क फोर्स के निर्देशों के बावजूद क्षेत्र में बालू भंडारण की स्थिति पर उठे सवाल, वैध दस्तावेजों की जांच कराने की मांग
अलोक कुमार की रिपोर्ट,
महुआडांड़ (लातेहार)। लातेहार जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने को लेकर जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठकों में लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से भी इस दिशा में कार्रवाई की बात कही जा रही है। इसके बावजूद महुआडांड़ क्षेत्र में बालू का भंडारण देखे जाने की सूचना सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ना शुरू कर दिया है।
क्षेत्र में भंडारित बालू को लेकर अब उसके स्रोत, परिवहन से संबंधित दस्तावेज और भंडारण की वैध अनुमति पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि आखिर इतनी मात्रा में बालू कहां से लाई गई है और इसके भंडारण के लिए संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति ली गई है या नहीं।
हालांकि, फिलहाल भंडारित बालू के अवैध होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक मानी जा रही है।
स्थानीय स्तर पर लोगों ने खनन विभाग और प्रखंड प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में किए जा रहे बालू भंडारण की जांच कराई जाए। साथ ही बालू के स्रोत, परिवहन चालान और भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेजों का सत्यापन किया जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि खनन विभाग और स्थानीय प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और जांच के बाद क्या कार्रवाई की जाती है।
![]()