राष्ट्रीय युवा महोत्सव में साहिबगंज महाविद्यालय का जलवा, पांच विधाओं में हासिल किया प्रथम स्थान
पेंटिंग से लेकर नुक्कड़ नाटक तक विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर, प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह

रिपोर्ट सोनू कुमार ।
साहिबगंज।जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026-27 में साहिबगंज महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और हुनर का शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है. पांच विधाओं में प्रथम स्थान हासिल कर महाविद्यालय के प्रतिभागियों ने जिले में अपनी श्रेष्ठता साबित की है. पेंटिंग, सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, कविता लेखन और नुक्कड़ नाटक में मिली इस बड़ी उपलब्धि से महाविद्यालय का मान बढ़ा है. विद्यार्थियों की सफलता ने महाविद्यालय परिवार में उत्साह और गौरव का माहौल बना दिया है.
पांच विधाओं में अव्वल,प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर शुक्रवार को महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में सम्मान समारोह आयोजित किया गया. प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने सफल प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि की सराहना की. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता महाविद्यालय के समृद्ध शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण, कठिन परिश्रम और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल है.

प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से महाविद्यालय को गौरवान्वित किया है. धनतेरस के शुभ अवसर पर मिली यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए विशेष खुशी का क्षण है. उन्होंने भगवान धन्वंतरि एवं मां लक्ष्मी से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की.
सिद्धो-कान्हू सभागार में जुटीं जिलेभर की प्रतिभाएं
झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की ओर से चार नवंबर 2026 को साहिबगंज के सिद्धो-कान्हू सभागार में जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026-27 के तहत ‘विकसित भारत यंग डायलॉग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें जिले के विभिन्न महाविद्यालयों और विद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में साहिबगंज महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक कौशल का दमदार प्रदर्शन करते हुए पांच विधाओं में प्रथम स्थान हासिल किया.
प्रो. कुमार प्रशांत भारती के नेतृत्व में मिली कामयाबी
महाविद्यालय के प्रतिभागियों ने संगीत शिक्षक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. कुमार प्रशांत भारती के मार्गदर्शन और नेतृत्व में प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया. उनके कुशल मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने बेहतर तैयारी के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और महाविद्यालय को गौरवान्वित किया.
इन प्रतिभागियों को मिला सम्मान
सम्मानित होने वाली छात्राओं में स्नेहा कुमारी, खुशी लाल पंडित, स्वीटी कुमारी, शालू कुमारी और प्राची कुमारी शामिल हैं. वहीं, छात्र मनीष कुमार और सूरज कुमार को भी सम्मानित किया गया.
बीएड के प्रशिक्षुओं में जोयल सोरेन, इनामुल हेंब्रम, जीतू सोरेन, संजय हेंब्रम, संजय किस्कू, प्रीति मुर्मू, पूनम सोरेन, शांति सोरेन, बीना मरांडी, जेड़ मुनि मुर्मू, सरिता सोरेन, शीला मुर्मू, सिमरन सुमन एवं रहीसा प्रवीण को सम्मानित किया गया.
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी. सभी ने सफल प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
![]()





