धनतेरस पर पाकुड़ के बाजार में बरसेगा धन, सात करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद
सोना-चांदी, वाहन, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में बढ़ी रौनक, ग्राहकों को लुभाने के लिए 20 प्रतिशत तक छूट और आकर्षक ऑफर

रिपोर्ट केशव तिवारी,
पाकुड़ संवाददाता।धनतेरस पर धनवर्षा की उम्मीद से पाकुड़ का बाजार सज-धजकर तैयार है. दीपावली से पहले खरीदारी के इस महापर्व को लेकर जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंडों तक उत्साह चरम पर है. सोना-चांदी, वाहन, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक सामान के शोरूम ग्राहकों के स्वागत के लिए सजाये गये हैं. कहीं मेकिंग चार्ज में छूट, तो कहीं आकर्षक उपहार और लकी ड्रॉ की पेशकश की जा रही है. शुभ खरीदारी की परंपरा और बाजार में उमड़ते उत्साह के बीच कारोबारियों की नजर इस बार सात करोड़ रुपये के कारोबार पर टिकी है.
सोना-चांदी से वाहनों तक,धनतेरस पर खरीदारी का उत्साह चरम पर
धनतेरस को सुख-समृद्धि और शुभारंभ का प्रतीक मानते हुए लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार खरीदारी में जुटे हैं. आभूषण दुकानों में सोने-चांदी के गहनों की मांग बढ़ी है, तो वाहन शोरूम में भी ग्राहकों की आवाजाही तेज हो गयी है. बर्तन दुकानों में स्टील, पीतल और तांबे के सामान की खरीदारी हो रही है. इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल बाजार में भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष ऑफर दिये जा रहे हैं. बाजार की बढ़ती रौनक से कारोबारियों को बेहतर बिक्री की उम्मीद है.

मेकिंग चार्ज में छूट, लकी ड्रॉ और 20 प्रतिशत तक डिस्काउंट
धनतेरस पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने ऑफरों का पिटारा खोल दिया है. ज्वेलरी दुकानों में मेकिंग चार्ज पर छूट के साथ उपहार और लकी ड्रॉ की सुविधा दी जा रही है. वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में कंपनियों की ओर से विशेष छूट की पेशकश की जा रही है.
लक्ष्मी इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक बापी बर्मन ने बताया कि धनतेरस को लेकर ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर उपलब्ध कराये गये हैं. सामान की खरीदारी पर 20 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है. आकर्षक ऑफरों के कारण ग्राहकों में खरीदारी को लेकर उत्साह बना हुआ है.
महंगाई के बावजूद बाजार में रौनक, सात करोड़ के कारोबार की उम्मीद
चैंबर ऑफ कॉमर्स ने इस बार धनतेरस पर पाकुड़ में करीब सात करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान जताया है. चैंबर के सचिव संजीव खत्री ने बताया कि मोबाइल, वाहन और सोना समेत कई वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद बाजार की रफ्तार तेज है. पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बाजार में अधिक रौनक देखने को मिल रही है.
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए जिला मुख्यालय पहुंच रहे हैं. धनतेरस और दीपावली को देखते हुए व्यापारियों ने पहले से ही पर्याप्त सामान का स्टॉक कर रखा है, ताकि ग्राहकों को पसंदीदा सामान की खरीदारी में परेशानी न हो. कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस की खरीदारी बाजार को नई गति देगी.
भीड़ बढ़ते ही पुलिस अलर्ट, बाजारों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
धनतेरस पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क है. प्रमुख बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गयी है, जबकि यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष इंतजाम किये गये हैं. दुकानदारों ने ग्राहकों से खरीदारी के दौरान अपने सामान और नकदी की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है. बाजार में बढ़ती चहल-पहल के बीच व्यापारियों को उम्मीद है कि धनतेरस इस बार कारोबार के लिहाज से यादगार साबित होगा.
![]()





