लिट्टीपाड़ा के गम्हरिया गांव के पास सड़क किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में सनसनी
Pakud News
निशांत सोनू की रिपोर्ट,
पाकुड़ :- लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव के समीप शुक्रवार की सुबह सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। सुबह-सुबह सड़क किनारे शव पड़े होने की खबर मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक की पहचान नहीं हो पाने से उसकी मौत को लेकर रहस्य गहराता जा रहा है।
सड़क किनारे शव मिलने से मचा हड़कंप, मौके पर पहुंची पुलिस
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराने की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, काफी प्रयास के बावजूद खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
कौन है मृतक और किन परिस्थितियों में हुई मौत?
गम्हरिया के समीप सड़क किनारे शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गये हैं। मृतक कहां का रहने वाला था, वह वहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन सवालों का जवाब फिलहाल नहीं मिल पाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह गम्हरिया गांव के समीप सड़क किनारे से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ मामले की जांच में जुटी है।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल मृतक की पहचान और मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अब मृतक की शिनाख्त और पुलिस जांच के बाद ही इस रहस्यमय घटना से पर्दा उठ सकेगा।
![]()