पाकुड़ में डीटीओ की बड़ी कार्रवाई, सड़क किनारे खड़े 25 ईंट लदे ट्रैक्टर हटवाए
Pakud News

पाकुड़ संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्यादापुर चेकपोस्ट के ठीक पहले सड़क किनारे लंबे समय से अवैध रूप से खड़े ईंट लदे ट्रैक्टरों के खिलाफ जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मुजाहिद अंसारी ने सख्त कार्रवाई की।

डीटीओ ने मौके पर पहुंचकर करीब 20 से 25 ट्रैक्टरों को सड़क किनारे से हटवाया। बताया गया कि इस स्थान पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में ईंट लदे ट्रैक्टर खड़े किए जाते थे, जिससे सड़क का हिस्सा संकरा हो जाता था और आवागमन प्रभावित होता था। इससे स्थानीय लोगों और वाहनों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जांच के दौरान यह भी पाया गया कि सड़क किनारे ही ईंटों का कारोबार संचालित किया जा रहा था, जबकि इसके लिए कोई निर्धारित भंडारण स्थल उपलब्ध नहीं था। मौके पर किसी प्रकार का व्यवस्थित कार्यालय या वैध संचालन व्यवस्था भी नहीं मिली।
इस पर डीटीओ ने संबंधित लोगों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क किनारे ट्रैक्टर खड़ा कर यातायात व्यवस्था बाधित न की जाए। उन्होंने कहा कि यह गतिविधि नियमों का उल्लंघन है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीटीओ मुजाहिद अंसारी ने कहा कि सड़क किनारे ट्रैक्टर खड़ा करना नो एंट्री नियमों का उल्लंघन है और इससे आम लोगों की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी जरूरी है।
कार्रवाई के बाद सड़क से ट्रैक्टरों का जमावड़ा हट गया, जिससे यातायात सुचारू हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली। डीटीओ ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में फिर से इस तरह की अवैध गतिविधि पाई गई तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
![]()




