तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर में महिला यात्री से मोबाइल झपटा
ट्रेन के रवाना होते ही वारदात, करीब 14 हजार रुपये का सैमसंग मोबाइल लेकर युवक फरार

कोटालपोखर संवाददाता। मालदा मंडल के तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन क्षेत्र में एक बार फिर मोबाइल झपटमार गिरोह के सक्रिय होने से रेल यात्रियों में चिंता बढ़ गयी है। बुधवार की दोपहर तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर ट्रेन में सवार एक महिला यात्री के हाथ से अज्ञात युवक सैमसंग कंपनी का मोबाइल झपटकर फरार हो गया। मोबाइल की कीमत करीब 14 हजार रुपये बतायी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, हरचंदपुर निवासी रूपा देवी बुधवार को घरेलू सामान खरीदने के लिए तीनपहाड़ बाजार आयी थीं। खरीदारी के बाद दोपहर करीब 1:50 बजे वह तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर पहुंचीं और तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर ट्रेन में सवार हो गयीं।
ट्रेन के तीनपहाड़ स्टेशन से रवाना होने के बाद कुछ ही दूरी पर पहुंचते ही एक अज्ञात युवक महिला के पास आया। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही युवक उनके हाथ से सैमसंग कंपनी का मोबाइल झपटकर ट्रेन से फरार हो गया। अचानक हुई घटना से महिला घबरा गयीं और शोर मचाया, लेकिन तब तक युवक मौके से भाग चुका था।
घटना के बाद महिला ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मामले की मौखिक सूचना RPF तीनपहाड़ को दी गयी। घटना की जानकारी मिलने के बाद RPF ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
इस संबंध में RPF इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि मोबाइल झपटमारी की घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
![]()





