समशेरगंज में हथियारों के साथ पाकुड़ का युवक गिरफ्तार
हथियारों की कथित खरीद-बिक्री की जांच तेज,सप्लायर और संभावित खरीदार की तलाश में जुटी पुलिस

निशांत कुमार सोनू की रिपोर्ट,
फरक्का।पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में हथियारों की कथित खरीद-बिक्री की कोशिश पर समशेरगंज थाना पुलिस ने शिकंजा कसते हुए शनिवार रात एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से दो देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किये हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान झारखंड के पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के जीगरहटी निवासी रुहूल शेख के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, युवक समशेरगंज में किसी व्यक्ति को हथियार बेचने के इरादे से पहुंचा था। गिरफ्तारी के बाद अब जांच का फोकस हथियारों के स्रोत, संभावित खरीदार और इस पूरे मामले से जुड़े लोगों की पहचान पर है।
गुप्त सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस
पुलिस को शनिवार रात सूचना मिली कि पाकुड़ का रहने वाला रुहूल शेख हथियार लेकर समशेरगंज थाना क्षेत्र में पहुंचा है और किसी व्यक्ति को देसी पिस्टल बेचने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने चसका पुर घोड़ामाड़ा मोड़ के पास निगरानी शुरू कर दी। पुलिस की इसी सतर्कता के दौरान संदिग्ध युवक पकड़ में आ गया।

तलाशी में मिले दो देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस
पुलिस ने युवक को रोककर तलाशी ली, तो उसके पास से दो देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस ने रुहूल शेख को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वह हथियारों की बिक्री के उद्देश्य से इलाके में पहुंचा था। हालांकि, हथियार किसे सौंपे जाने थे और इस सौदे के पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी।
हथियार कहां से आये,किसे होना था सौदा?
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब हथियारों के स्रोत और संभावित खरीदार का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह स्पष्ट करना अहम होगा कि आरोपी के पास हथियार कहां से पहुंचे और क्या इस मामले के तार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं। फिलहाल पुलिस पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है।
प्रेसवार्ता में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
रविवार को मामले की जानकारी देते हुए समशेरगंज थाना के आईसी कुणाल कांति दास ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। प्रेसवार्ता में फरक्का के एसडीपीओ दीपेंद्र तमांग और जंगीपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सजल कांति विश्वास भी मौजूद थे। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
![]()





