लातेहार, 30 अप्रैल 2026:
उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर लातेहार शहरी क्षेत्र में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. मोईन अख्तर के नेतृत्व में गुपचुप, चाट, समोसा, पकौड़ी एवं जलेबी दुकानों की स्वच्छता की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान कई दुकानों पर साफ-सफाई की स्थिति खराब पाई गई और खाद्य सामग्री खुले में रखी हुई मिली। कई विक्रेता बिना एप्रोन, हेड कवर और ग्लव्स के खाद्य पदार्थ बनाते और परोसते हुए पाए गए। अधिकारियों ने ऐसे दुकानदारों को खाद्य सामग्री को जालीदार ढक्कन या शीशे के कैबिनेट में रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही विक्रेताओं को शुद्ध पेयजल, विशेषकर आरओ पानी के उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा निस्तारण के लिए ढक्कनदार डस्टबिन के प्रयोग की सलाह दी गई।
जांच के दौरान कुछ दुकानों में चाट में औद्योगिक रंगों का उपयोग भी पाया गया, जिस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए केवल एफएसएसएआई प्रमाणित खाद्य रंगों के उपयोग का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि इस प्रकार के रंग स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक हैं और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोबारा जांच में सुधार नहीं मिलने पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान खाद्य सुरक्षा कार्यालय की शहनाज खातून भी मौजूद रहीं।