लातेहार। नगर पंचायत चुनाव में झामुमो समर्थित अध्यक्ष पद की प्रत्याशी बिलासी टोपनो को कांग्रेस ने अपना समर्थन देने की घोषणा की है। इसकी जानकारी झामुमो जिला प्रवक्ता सुशील कुमार यादव ने दी।
शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष कामेश्वर यादव ने बिलासी टोपनो को माल्यार्पण कर औपचारिक रूप से कांग्रेस का समर्थन प्रदान किया।
इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष गुंजर उरांव, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनिता देवी, नसीम अंसारी, साजन कुमार समेत कई कांग्रेस नेता उपस्थित थे।
जिला अध्यक्ष कामेश्वर यादव ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस अब झामुमो समर्थित प्रत्याशी बिलासी टोपनो को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से कार्य करेगी। उन्होंने बिलासी टोपनो को योग्य और कुशल प्रत्याशी बताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उन्हें विजयी बनाने की अपील की।
वहीं, बिलासी टोपनो ने कांग्रेस द्वारा समर्थन दिए जाने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कांग्रेस के विश्वास को टूटने नहीं देंगी और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।