जमशेदपुर : ब्रह्माकुमारीज यूनिवर्सल पीस पैलेस, मरीन ड्राइव में पाँच दिवसीय “ नेचुरल डाइट सिस्टम (NDS) ” हेल्थ कैंप का शुभारंभ हुआ। भारतीय परंपरा के अनुसार दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ । प्रभात खबर जमशेदपुर के संपादक संजय मिश्रा , प्रसिद्ध नेचुरोपैथी विशेषज्ञ भाई जिग्नेश जी, और ब्रह्माकुमारीज कोल्हान की निदेशिका बी.के. अंजू बहन इस पल की साक्षी बनी।
इस कैंप में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में प्रतिभागी हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे। दावा किया गया कि माइग्रेन, गठिया, कब्ज, डायबिटीज़, और बी.पी. जैसी गंभीर बीमारियों को कुछ ही महीनों में जड़ से मिटाया गया है । इस प्राकृतिक डाइट सिस्टम को सबों ने “ चमत्कारिक प्रकाश का अनुभव ” बताया जो शरीर और आत्मा दोनों को स्वस्थ करता है।
आज के पहले सत्र में भाई जिग्नेश जी ने प्राकृतिक भोजन की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “ खाली पेट रहना शरीर की सफाई का सबसे बड़ा उपाय है, और सूर्य में पके प्राकृतिक भोजन से ही असली ऊर्जा मिलती है।” प्रतिभागियों को आज ग्रीन जूस, स्वादिष्ट सलाद, हरी चटनी, और फ्रूट कस्टर्ड परोसे गए। साथ ही, शरीर से विषैले तत्व निकालने के लिए एनिमा को आवश्यक बताया गया।
अंजू दीदी ने बताया कि शरीर को स्वस्थ रखना जितना आवश्यक है, उतना ही यह समझना भी जरूरी है कि जो शक्ति शरीर को संचालित कर रही है, वह आत्मा है। उन्होंने कहा — “जब हम स्वयं को पहचानते हैं, तभी हम परमात्मा को अनुभव कर पाते हैं।”
आगे उन्होंने कहा कि ईश्वर का सच्चा स्मरण तभी संभव है जब हम “ ईश्वर ” के वास्तविक अर्थ को समझें — वह सभी आत्माओं का पिता है, परम ज्योति स्वरूप। जब यह समझ आती है, तभी सच्चा ध्यान (मेडिटेशन) संभव होता है, जो अंतर्मन में दिव्यता और शांति का प्रकाश भर देता है। यही आत्मिक स्मृति हमें शरीर, मन और आत्मा — तीनों स्तरों पर स्वस्थ बनाती है।
इस कैंप में प्रतिभागियों ने अनुभव किया कि कम खाना और प्राकृतिक भोजन करना ही वास्तविक स्वास्थ्य और सुख का रहस्य है।
यदि कोई व्यक्ति अब भी इस पाँच दिवसीय दिव्य शिविर में भाग लेना चाहता है, तो ब्रह्माकुमारीज यूनिवर्सल पीस पैलेस, मरीन ड्राइव, सोनारी, जमशेदपुर के पते पर अथवा मोबाइल नंबर
9006776676 पर संपर्क स्थापित कर सकते हैं।