बरहरवा।
मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन चौक से वन्य देवी रक्सी माता स्थान तक जाने वाली मुख्य सड़क की हालत इन दिनों बेहद जर्जर हो चुकी है। यह सड़क अब पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गई है और सड़क पर बने जलजमाव ने स्थानीय लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
स्थिति यह हो चुकी है कि आए दिन टोटो, टेंपो जैसे छोटे वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं और यात्री घायल हो रहे हैं। मिर्जाचौकी-भगैया मार्ग पर तो हालात और भी बदतर हैं, जहां चौबीसों घंटे घरों से निकलने वाला गंदा नाली का पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। गंदे पानी की बदबू से राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाले यात्रियों को भी इसी गंदे पानी में होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए बताया कि मिर्जाचौकी से भगैया, मंडरो होते हुए बोआरीजोर तक पीडब्ल्यूडी सड़क निर्माण कार्य संवेदक की लापरवाही के कारण अधूरा पड़ा है। अगर सड़क निर्माण से पहले नाली की समुचित व्यवस्था कर दी जाती, तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित संवेदक काम में काफी सुस्ती बरत रहा है। महीनों से काम जारी है लेकिन एक किलोमीटर तक भी सड़क निर्माण पूरा नहीं हो सका है, जो साफ तौर पर लापरवाही को दर्शाता है।
इस मामले में कुछ दिनों पूर्व पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता (ईई) अजय कुमार ने भी स्वीकार किया था कि सड़क निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है और जल्द काम में तेजी लाने की बात कही थी। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होते देख ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।