बडतल्ला में आजीविका महिला समिति की वार्षिक आमसभा, 299 स्वयं सहायता समूह जुड़े
सीआइएफ ऋण वितरण के लिए 31 लाख की कार्ययोजना, 311 महिलाएं बनीं लखपति दीदी

कोटालपोखर संवाददाता। मंडरो प्रखंड के बडतल्ला पंचायत भवन परिसर में मंगलवार को आजीविका महिला संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा आयोजित की गयी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुसुम लता देवी ने की। अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
299 स्वयं सहायता समूह जुड़े
बीपीएम ब्रह्मानंद महतो ने बताया कि बडतल्ला संकुल संघ तीन पंचायतों के 61 गांवों में सक्रिय है। इससे 299 स्वयं सहायता समूह और 17 ग्राम संगठन जुड़े हुए हैं। वित्तीय समावेशन के तहत पिछले वर्ष 287 सखी मंडलों को चक्रीय निधि उपलब्ध करायी गयी, जबकि 245 स्वयं सहायता समूहों को बैंक से ऋण मिला। वहीं, 2182 सदस्यों को बीमा से आच्छादित किया गया।

खेती और पशुपालन से जुड़ी महिलाएं
आजीविका गतिविधियों के तहत 1812 किसान, 1142 पशुपालक और 109 महिलाएं मछली पालन से जुड़ी हैं। वहीं, 311 महिलाओं की पहचान लखपति दीदी के रूप में हुई है। नॉन-फार्म सेक्टर में किराना दुकान, सिलाई सहित अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़े 65 उद्यम स्थापित किये गये हैं।
प्रशिक्षण से बढ़े रोजगार के अवसर
दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना और आरएसईटीआई के माध्यम से युवक-युवतियों को विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण दिये गये। कार्यक्रम में प्रस्तुत वित्तीय प्रतिवेदन के अनुसार वर्ष 2025-26 में संकुल की कुल शुद्ध आय 5,72,380 रुपये रही।
31 लाख रुपये की कार्ययोजना
वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में सीआइएफ ऋण वितरण के लिए 31 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सीएलएफ को प्राप्ति, नए सदस्यों की भागीदारी, शेयर बिक्री, विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन और कैडर चयन को भी कार्ययोजना में शामिल किया गया है।
अतिथियों ने सराहा महिलाओं का प्रयास
कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक साहिबगंज मुख्य शाखा के सुभम दास, मिर्जाचौकी शाखा प्रबंधक आदित्य कुमार, फील्ड ऑफिसर रवी कुमार, कार्यक्रम प्रबंधक ब्रह्मानंद महतो, सीसी श्रवण कुमार, सत्यम कुमार, बीएपी गुंजन कुमारी, पीआरपी देवाशीष कुमार, डीइओ निरंजन कुमार समेत सभी कैडर उपस्थित रहे। अतिथियों ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए समिति की उपलब्धियों को महिला सशक्तीकरण और सामुदायिक विकास का उदाहरण बताया।
SEO शीर्षक: मंडरो के बडतल्ला में आजीविका महिला समिति की आमसभा, 31 लाख के ऋण वितरण की योजना
टैग: मंडरो, बडतल्ला, आजीविका महिला समिति, स्वयं सहायता समूह, लखपति दीदी, महिला सशक्तीकरण, सीआइएफ ऋण, साहिबगंज
![]()





