तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत कुंजबोन-सिमलोंग मुख्य मार्ग पर बरमासिया के समीप हादसा, वाहन चालक फरार
लिट्टीपाड़ा में सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत

लिट्टीपाड़ा:-सिमलोंग ओपी क्षेत्र के कुंजबोन-सिमलोंग मुख्य मार्ग पर बरमासिया के समीप शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गयी. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने घर लौट रहे बेहरा गांव निवासी लुखिराम सोरेन को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
सड़क पर घायल पड़े थे लुखिराम,ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
बताया जाता है कि लुखिराम सोरेन किसी काम से कुंजबोन गये थे और वहां से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बरमासिया के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गयी. लोगों ने तत्काल इसकी सूचना सिमलोंग ओपी पुलिस को दी.

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल लुखिराम को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लिट्टीपाड़ा पहुंचाया. हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही बेहरा गांव में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
फरार वाहन की तलाश तेज, मामला दर्ज
सिमलोंग ओपी प्रभारी सुखदेव साह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ भेज दिया है. अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ टक्कर मारकर भागे वाहन और उसके चालक की पहचान में जुटी है.
![]()





