बरहरवा में रेलवे ट्रांसफॉर्मर चोरी का आरोपी कबाड़ दुकानदार गिरफ्तार
बरहरवा-बोनिडांगा रेलखंड पर 63 केवीए ट्रांसफॉर्मर से 30 किलो तांबा समेत कीमती उपकरण किए थे गायब, कबाड़ दुकान से चोरी के पार्ट्स और 18 हजार रुपये नकद बरामद

रेलवे ट्रांसफॉर्मर तोड़कर 1.51 लाख की संपत्ति चोरी, कबाड़ दुकान का मालिक गिरफ्तार
रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू
बरहरवा। रेलवे की महत्वपूर्ण संपत्ति को निशाना बनाकर ट्रांसफॉर्मर के कीमती उपकरण और तांबा चोरी करने के मामले में आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। बरहरवा-बोनिडांगा रेलखंड पर 63 केवीए के रेलवे ट्रांसफॉर्मर को क्षतिग्रस्त कर करीब 30 किलोग्राम तांबा समेत अन्य कीमती पार्ट्स चोरी करने के मामले में फरार चल रहे कबाड़ दुकान के मालिक जलालुद्दीन उर्फ जल्ला को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नटुन मोमरेजपुर निवासी आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही चोरी की रेलवे सामग्री के कबाड़ कारोबार से जुड़े नेटवर्क का सुराग मिला है। आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
ट्रांसफॉर्मर की खाली बॉडी छोड़ ले गए थे चोर
घटना 25 सितंबर 2026 की है। बरहरवा-बोनिडांगा रेलखंड पर टीआरडी मास्ट संख्या 270/40-42 के पास लगे 63 केवीए के रेलवे ट्रांसफॉर्मर को क्षतिग्रस्त कर चोर उसके महत्वपूर्ण पार्ट्स निकाल ले गए थे। ट्रांसफॉर्मर से करीब 30 किलोग्राम तांबा भी गायब था। रेलवे के जेई (इलेक्ट्रिकल), बरहरवा ने दोपहर 12:35 बजे आरपीएफ को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे रेलकर्मियों ने देखा कि ट्रांसफॉर्मर की केवल खाली बॉडी बची हुई है। रेलवे विभाग ने चोरी गई सामग्री और क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मर की कुल अनुमानित कीमत 1,51,127 रुपये आंकी थी।

कबाड़ दुकान से मिले चोरी के रेलवे उपकरण
घटना के बाद आरपीएफ पोस्ट बरहरवा में कांड संख्या 02/2026 के तहत धारा 3(ए) आरपी (यूपी) एक्ट में मामला दर्ज किया गया। जांच की जिम्मेदारी एसआई लाल बहादुर मांझी को सौंपी गई। जांच के दौरान उसी दिन अखलाख हुसैन (28) को एक कबाड़ दुकान से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने दुकान के मालिक और अपने ससुर जलालुद्दीन उर्फ जल्ला का नाम बताया।
इसके बाद कबाड़ दुकान में छापेमारी की गई, जहां से चोरी के ट्रांसफॉर्मर के तीन बेस, 16 ब्लेड/सेल और 18 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। बरामदगी के बाद से ही आरपीएफ दुकान मालिक की तलाश में जुटी थी।
नोटिस के बाद खुद आरपीएफ पोस्ट पहुंचा आरोपी
लगातार छापेमारी के बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। इसके बाद आरपीएफ ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35 के तहत उसे नोटिस जारी किया। नोटिस मिलने के बाद 22 नवंबर को जलालुद्दीन उर्फ जल्ला स्वयं आरपीएफ पोस्ट बरहरवा पहुंचा।
जांच अधिकारी के समक्ष पूछताछ के दौरान उसने कबाड़ दुकान का मालिक होने और बरामद रेलवे सामग्री से जुड़े मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद आरपीएफ ने उसे रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3(ए) के तहत गिरफ्तार कर लिया।
रेलवे ट्रांसफॉर्मर को क्षतिग्रस्त कर तांबा और कीमती उपकरण चोरी करने के इस मामले में कबाड़ दुकान मालिक की गिरफ्तारी को आरपीएफ जांच की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। मामले में रेलवे संपत्ति की चोरी और उसकी खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
![]()





