लातेहार के मृत प्रवासी मजदूर के पिता को 50 हजार की सहायता
उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर श्रम विभाग ने की थी पार्थिव शरीर को पैतृक गांव लाने की व्यवस्था, श्रम अधीक्षक ने प्रवासी मजदूरों से निबंधन कराने की अपील की

लातेहार। तमिलनाडु में कार्यरत लातेहार जिले के एक प्रवासी श्रमिक की मौत के बाद जिला प्रशासन ने उनके परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की है। अंतरराज्यीय प्रवासी मजदूर सर्वेक्षण एवं पुनर्वास योजना के तहत मृतक श्रमिक मंटू तूरी के आश्रित पिता संजय तूरी को 50 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया।
जानकारी के अनुसार, लातेहार जिले के सासंग गांव, पोस्ट कैमा निवासी मंटू तूरी (पिता संजय तूरी) की 16 नवंबर 2026 को तमिलनाडु में कार्य के दौरान मृत्यु हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर श्रम विभाग ने मृतक का पार्थिव शरीर तमिलनाडु से उनके पैतृक निवास तक लाने की व्यवस्था की थी।

इसी क्रम में पार्थिव शरीर को पैतृक गांव तक लाने में हुए खर्च के विरुद्ध नियमानुसार अंतरराज्यीय प्रवासी मजदूर सर्वेक्षण एवं पुनर्वास योजना के तहत 50,000 रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई। अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी एवं श्रम अधीक्षक दिनेश भगत ने संयुक्त रूप से मृतक के पिता संजय तूरी को सहायता राशि का चेक प्रदान किया।
प्रवासी श्रमिकों से निबंधन कराने की अपील
इस अवसर पर श्रम अधीक्षक दिनेश भगत ने दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए जाने वाले श्रमिकों से श्रम विभाग में अपना निबंधन अनिवार्य रूप से कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रवास पर जाने से पहले श्रमिक अपना पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि किसी अप्रिय घटना या आपात स्थिति में विभाग की ओर से उन्हें अथवा उनके परिजनों को नियमानुसार समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
![]()




