शिवगादी धाम पहुंचे साहिबगंज एसपी समेत पुलिस अधिकारी, बाबा गाजेश्वरनाथ की पूजा कर लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
प्राकृतिक गुफा में किया जलाभिषेक-दुग्धाभिषेक,महाआरती में जिले की सुख-शांति और समृद्धि की कामना

कोटालपोखर संवाददाता। साहिबगंज जिले के बरहेट स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा गाजेश्वरनाथ धाम शिवगादी में शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल और राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी ने बाबा गाजेश्वरनाथ के दरबार में पूजा-अर्चना की।
प्राकृतिक गुफा में किया जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक
पुलिस अधिकारियों ने शिवगादी धाम की प्राकृतिक गुफा में स्थापित पवित्र शिवलिंग पर विधिवत जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया। इसके बाद पुरोहितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा गाजेश्वरनाथ का विशेष श्रृंगार पूजन कराया गया।

बाबा का चंदन, भांग, धतूरा और रंग-बिरंगे ताजे फूलों से अलौकिक श्रृंगार किया गया। पूजा के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने भी पूरे भक्तिभाव के साथ बाबा का दर्शन और पूजन किया।
महाआरती कर मांगी सुख-शांति की कामना
विशेष श्रृंगार पूजा संपन्न होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने धूप-दीप जलाकर बाबा गाजेश्वरनाथ की महाआरती की। इस दौरान उन्होंने जिले में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु भी महाआरती में शामिल हुए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किया निरीक्षण
पूजा-अर्चना के साथ पुलिस अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। शिवगादी धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने विधि-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली। भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा की गई।
अधिकारियों ने मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
शिवगादी प्रबंध समिति ने किया सम्मानित
पूजा-अर्चना और निरीक्षण के बाद शिवगादी प्रबंध समिति के सदस्यों ने साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह, बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल और राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर शिवगादी प्रबंध समिति के सदस्य, पुरोहित एवं अन्य लोग मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों के दौरे से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सक्रियता भी देखने को मिली।
![]()





