कोटालपोखर में साधु के वेश में ठग ने महिला से झांसा देकर उड़ाए सोने के जेवरात
झाड़-फूंक के बहाने मंगलसूत्र व कान के जेवर लेकर फरार,पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील


साहिबगंज/कोटालपोखर। थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन पोस्ट ऑफिस रोड इलाके में साधु के वेश में पहुंचे एक उचक्के द्वारा झाड़-फूंक का झांसा देकर एक महिला से सोने के जेवरात ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी महिला के मंगलसूत्र और कान के जेवरात लेकर फरार हो गया, जिनका कुल वजन लगभग 15 ग्राम बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार महिला अपने घर पर अकेली थी, तभी करीब 30 वर्षीय एक युवक साधु का वेश धारण कर वहां पहुंचा। उसके हाथ में कमंडल और कंधे पर झोला था। उसने महिला से भिक्षा मांगते हुए बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे झाड़-फूंक के जरिए समस्या दूर करने का झांसा देने लगा।
आरोप है कि युवक ने महिला से कहा कि वह अपने मंगलसूत्र और कान के जेवरात उसे दे दे ताकि वह उन पर फूंक मारकर कष्ट दूर कर सके। महिला उसके झांसे में आकर अपने जेवरात उसे दे बैठी। इसके बाद ठग ने चालाकी से सोने के जेवर अपने झोले में रख लिए और उनकी जगह लोहे व पीतल के लॉकेट महिला के हाथ में थमा दिए।
इसके बाद आरोपी ने महिला से कहा कि वह मुट्ठी बंद करके रखे और कुछ देर बाद खोले। इसी दौरान उसने पानी मांगा, जिसके बहाने महिला जैसे ही घर के अंदर गई, आरोपी मौके से फरार हो गया।
कुछ देर बाद जब महिला बाहर लौटी तो युवक वहां से गायब था। घटना के बाद आसपास के लोगों को जानकारी दी गई, जिन्होंने उसकी तलाश भी की, लेकिन वह फरार हो चुका था।
इस संबंध में कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी झांसे में न आएं और संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
![]()




