संवाददाता: अनुज तिवारी | मेदिनीनगर
पलामू के बहुचर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। शहर थाना कांड संख्या 141/2026 के फरार आरोपी प्रशांत तिवारी (26), पिता कौशल किशोर तिवारी, निवासी बड़कागांव, थाना सदर, को पलामू पुलिस की विशेष टीम ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक एटीएम कार्ड बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में प्रशांत तिवारी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि जमीन कारोबार को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के कारण विनीत तिवारी की हत्या की साजिश रची गई थी। जांच में अब तक प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल, राकेश तिवारी, रौशन तिवारी और प्रशांत तिवारी की भूमिका सामने आई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल और उसके सहयोगियों ने मिलकर वारदात की योजना बनाई थी।
पूछताछ के दौरान प्रशांत तिवारी ने यह भी दावा किया कि घटना के समय वह नशे की हालत में था। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस दावे की पुष्टि उपलब्ध साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पूरे षड्यंत्र की गहन जांच जारी है और मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।