रिपोर्टर: संवाददाता,
घाघरा प्रखंड स्थित एसएस हाई स्कूल में थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह के नेतृत्व में साइबर क्राइम रोकथाम एवं सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की।
इस मौके पर डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुप्रथाओं के खिलाफ भी जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि अंधविश्वास के कारण किसी भी महिला या व्यक्ति को प्रताड़ित करना कानूनन अपराध है। साथ ही नशा पान, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से इनसे दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।