लातेहार संवाददाता:
आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को लेकर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में उत्कर्ष गुप्ता (उपायुक्त) एवं कुमार गौरव (पुलिस अधीक्षक) की संयुक्त अध्यक्षता में मनिका प्रखंड सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रखंड के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान पर्व-त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन करें और आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
उन्होंने भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस प्रशासन विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
बैठक में जुलूस मार्ग, समय निर्धारण, ध्वनि नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था, बिजली एवं पेयजल आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के उपरांत उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने बरवाडीह प्रखंड पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अजय कुमार रजक सहित विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी उपस्थित थे।