
दिनेश कुमार यादव की रिपोर्ट,
पलामू (सतबरवा)सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर सतबरवा थाना गेट के पास सोमवार को वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सतबरवा थाना के एएसआई बसंत कुमार दुबे और बसंत महतो के नेतृत्व में संचालित हुआ।
अभियान के दौरान पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की। खासकर हेलमेट नहीं पहनने वाले और बिना वैध कागजात के चलने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा किया गया है।

समाचार लिखे जाने तक करीब 5 से 6 बाइक जब्त की जा चुकी थीं। एएसआई बसंत कुमार दुबे ने बताया कि यह कार्रवाई आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की जा रही है, ताकि सड़कों पर दुर्घटनाओं की संख्या को कम किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे चेकिंग अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि लोग नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा कर सकें।