पलामू किला मेले में विवाद, अध्यक्ष उमेश सिंह की कार्यशैली पर उठे सवाल
Palamu News

पलामू किला मेले में अध्यक्ष की कार्यशैली पर उठे सवाल, कमेटी सदस्यों में नाराजगी
रिपोर्ट: दिनेश यादव, सतबरवा (पलामू)
सतबरवा (पलामू)। सतबरवा प्रखंड के पलामू किला स्थित फुलवरिया गांव में छठ महापर्व के पारण के बाद 17 नवंबर से आयोजित दो दिवसीय मेले में इस बार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हालांकि, मेले के आयोजन के बीच समिति के अध्यक्ष की कार्यशैली को लेकर विवाद भी सामने आया। राजा प्रतापी के वंशजों एवं मेदिनी राय समिति संघ की ओर से आयोजित इस मेले में कमेटी के कुछ सदस्यों ने अध्यक्ष उमेश सिंह पर मनमाने ढंग से निर्णय लेने का आरोप लगाया।

मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
दो दिवसीय मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण एवं गणमान्य लोग पहुंचे। मेले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल की जगह-जगह तैनाती की गई थी।
मेदिनी राय की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
कार्यक्रम के दौरान आशुतोष सिंह चेरो ने राजा मेदिनी राय की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने समिति के अध्यक्ष एवं उपमुखिया उमेश सिंह की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस वर्ष समिति के अध्यक्ष ने बिना समुचित विचार-विमर्श के मनमाने ढंग से निर्णय लिए हैं, जिससे समाज के लोगों और कमेटी के सदस्यों में नाराजगी है।

आशुतोष सिंह चेरो ने कहा कि महत्वपूर्ण सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में सभी सदस्यों की राय और सहमति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उनके अनुसार, अध्यक्ष के फैसले से कमेटी के अधिकांश सदस्य असंतुष्ट हैं और इसे समाज के मान-सम्मान के अनुरूप नहीं मानते।
यमुना सिंह चेरो ने भी जताई नाराजगी
यमुना सिंह चेरो ने भी अध्यक्ष के फैसले पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कमेटी के अध्यक्ष द्वारा जल्दबाजी में लिए गए निर्णय से सभी सदस्य दुखी हैं। इस तरह के महत्वपूर्ण आयोजन में किसी भी फैसले से पहले सभी सदस्यों के साथ विचार-विमर्श करना जरूरी है।

राजकीय मेले का दर्जा मिलने की उम्मीद अधूरी
वहीं, विनय सिंह चेरो ने कहा कि इस दो दिवसीय मेले को राजकीय मेले का दर्जा दिलाने के लिए मंत्री राधाकृष्ण किशोर से पहल की गई थी। उनके अनुसार, मंत्री की ओर से इसकी घोषणा भी की जा चुकी थी। ऐसे में क्षेत्र के लोगों को उम्मीद थी कि इस वर्ष मेले को राजकीय पहचान मिलेगी, लेकिन वर्तमान अध्यक्ष उमेश सिंह के निर्णय के कारण यह उम्मीद पूरी नहीं हो सकी।
इनकी रही उपस्थिति
मौके पर असनदेव सिंह, गणेश सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
![]()




