पाकुड़
Trending

पाकुड़ में 15 दिसंबर से घर बैठे खाद की बुकिंग, एक रुपये में फसल बीमा; 600 किसानों ने लिया प्रशिक्षण

600 से अधिक किसानों ने रबी कर्मशाला में लिया हिस्सा, एक रुपये टोकन शुल्क पर होगा फसल बीमा; 10 किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर मिले सोलर पंप

Views: 1
0 0
Read Time:7 Minute, 34 Second

निशांत कुमार सानू की रिपोर्ट,

पाकुड़। मिट्टी की घटती उर्वरता, खेती की बढ़ती लागत और किसानों की आमदनी बढ़ाने की चुनौती के बीच पाकुड़ में कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने की पहल शुरू की गई है। सोमवार को रविंद्र भवन में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की ओर से जिला स्तरीय खेत बचाओ अभियान सह रबी कर्मशाला 2026-27 का आयोजन किया गया। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में 600 से अधिक किसानों ने हिस्सा लिया। कर्मशाला में मिट्टी की सेहत सुधारने, वैज्ञानिक तकनीक अपनाने, रबी फसलों का उत्पादन बढ़ाने और किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही किसानों को 15 दिसंबर से शुरू होने वाली ऑनलाइन खाद बुकिंग व्यवस्था और एक रुपये टोकन शुल्क पर फसल बीमा की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त मेघा भारद्वाज, जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिष्टमणी हेम्ब्रम, उपाध्यक्ष अशोक कुमार भगत, जिला कृषि पदाधिकारी अभिषेक मिश्रा, जिला सहकारिता पदाधिकारी चंद्रजीत खलखो, जिला मत्स्य पदाधिकारी एवं महेशपुर विधायक प्रतिनिधि समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

परंपरागत खेती से आगे बढ़ें किसान,अपनाएं वैज्ञानिक तकनीक

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि किसानों की समृद्धि के बिना जिले की आर्थिक तरक्की संभव नहीं है। बदलते मौसम और कृषि संबंधी चुनौतियों को देखते हुए किसानों को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों के साथ खेती करनी होगी। धान और गेहूं के अलावा मोटे अनाज, सब्जी उत्पादन, मिश्रित खेती तथा जैविक खेती को बढ़ावा देकर आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित किये जा सकते हैं। उन्होंने फसल बीमा में किसानों की कम भागीदारी पर चिंता जतायी और अधिकारियों को गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। कहा कि जलवायु परिवर्तन के दौर में फसल बीमा किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने किसानों से समय सीमा के भीतर बीमा कराने की अपील की।

मिट्टी की सेहत पर चिंता,आठ हजार नमूनों में छह हजार में मिली समस्या

कर्मशाला में मिट्टी की बिगड़ती गुणवत्ता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। जिला कृषि पदाधिकारी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि पिछले वर्ष जांच किये गये करीब आठ हजार मिट्टी नमूनों में से छह हजार में विभिन्न समस्याएं पायी गयीं। मिट्टी की अम्लीयता को देखते हुए 303 हेक्टेयर क्षेत्र में डोलोमाइट वितरण की योजना बनायी गयी है। जिले में सालाना 10 हजार नमूनों की जांच क्षमता वाली जिला स्तरीय मृदा परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित करने का प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर से उर्वरक वितरण की नयी ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होगी। इसके तहत किसान घर बैठे खाद की बुकिंग कर सकेंगे।

रबी फसलों में सरसों, मसूर और चना को दें प्राथमिकता

जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिष्टमणी हेम्ब्रम ने किसानों से सरसों, मसूर और चना जैसी रबी फसलों की खेती को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर किसान अपनी कृषि व्यवस्था को मजबूत बना सकते हैं। भूमि संरक्षण विभाग की ओर से तालाब निर्माण जैसी योजनाओं से सिंचाई की सुविधा बढ़ायी जा सकती है। इसके लिए प्रखंड स्तर पर योजनाओं का प्रचार-प्रसार जरूरी है।

पाकुड़ में 15 दिसंबर से घर बैठे खाद की बुकिंग, एक रुपये में फसल बीमा; 600 किसानों ने लिया प्रशिक्षण

खाद-बीज की किल्लत दूर करने और पशुपालन को बढ़ावा देने पर जोर

जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार भगत ने प्रखंड मुख्यालयों में खाद, बीज और कीटनाशकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि खेती के साथ पशुपालन और मत्स्य पालन को जोड़कर किसानों की आमदनी बढ़ायी जा सकती है। हिरणपुर एवं महेशपुर पशु हाट के माध्यम से पशुपालन को प्रोत्साहित करने तथा मत्स्य पालकों को मछली का बीज और जाल उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

एक रुपये टोकन शुल्क पर फसल बीमा, 31 दिसंबर अंतिम तिथि

जिला सहकारिता पदाधिकारी चंद्रजीत खलखो ने बताया कि रबी मौसम में गेहूं, चना, सरसों और आलू समेत अधिसूचित फसलों का बीमा मात्र एक रुपये टोकन शुल्क पर कराया जा सकता है। इसके लिए किसानों को 31 दिसंबर तक सीएससी केंद्रों के माध्यम से आवेदन करना होगा। उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर से चयनित धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर धान की खरीद भी शुरू होगी।

किसानों को सोलर पंप, फसल रक्षकों को नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम में किसानों को योजनाओं का लाभ देकर कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहित किया गया। किसान समृद्धि योजना के तहत 10 किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप सेट वितरित किये गये। छह फसल रक्षकों को नियुक्ति पत्र और 11 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किये गये। उद्यान विभाग ने तीन किसानों को 75 प्रतिशत अनुदान पर कीट रहित सब्जी उत्पादन इकाई उपलब्ध करायी। वहीं, मत्स्य विभाग की ओर से मत्स्य पालन किट तथा भूमि संरक्षण विभाग की ओर से ट्रैक्टर और कृषि यंत्र वितरित किये गये। मौके पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Loading

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

About The Author

Related Articles

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button