पाकुड़ के बलियाडांगल में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम
महिलाओं और किशोरियों ने तख्तियां लेकर बाल विवाह के खिलाफ बुलंद की आवाज, बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने का लिया संकल्प
केशव तिवारी ब्योरो चीफ,
पाकुड़।बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूकता की अलख जगाने के लिए सोमवार को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र बलियाडांगल लघु में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीडीपीओ नीलू रानी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं, किशोरियों और ग्रामीणों ने भाग लेकर बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया गया कि कम उम्र में विवाह बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वतंत्र विकास को प्रभावित करता है। वक्ताओं ने कहा कि बेटियों का भविष्य सुरक्षित करना है तो उन्हें कम उम्र में विवाह के बंधन में बांधने के बजाय शिक्षा से जोड़ना होगा। शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटियां ही परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
बाल विवाह की कुप्रथा रोकने के लिए समाज को आगे आने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर महिलाओं और किशोरियों ने बाल विवाह के खिलाफ आवाज बुलंद की। ग्रामीणों से आह्वान किया गया कि अपने आसपास होने वाले बाल विवाह को रोकने के लिए चुप रहने के बजाय सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही बेटियों को बेटों के समान शिक्षा, सम्मान और सुरक्षा का अधिकार देने की अपील की गई।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने बाल विवाह के खिलाफ सामाजिक जागरूकता फैलाने और इस कुप्रथा को समाप्त करने में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। मौके पर महिला पर्यवेक्षिका सुचिता संगा, मोनिका अग्नेस मालतो, आंगनबाड़ी सेविकाएं, विद्यालय के विद्यार्थी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
![]()