झारखंड समाचारपाकुड़स्थानीय समाचार
Trending

शिवगादी धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, नई फसल अर्पित कर सफाहोड़ समाज ने मनाया नवान्न पर्व

झारखंड और बंगाल से पहुंचे हजारों श्रद्धालु, पीतांबरी शिवलिंग पर किया जलाभिषेक; प्रकृति और अन्न के प्रति कृतज्ञता का दिया संदेश

Views: 1
0 0
Read Time:3 Minute, 48 Second

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,

बरहेट। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बरहेट स्थित प्रसिद्ध बाबा गाजेश्वरनाथ धाम (शिवगादी) में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। बाबा के दर्शन, जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए अहले सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा शिवगादी धाम गुंजायमान रहा। झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में सफाहोड़ समाज के श्रद्धालु यहां पहुंचे। प्राकृतिक गुफा में विराजमान बाबा गाजेश्वरनाथ के दर्शन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा गया। सुबह से देर शाम तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

पीतांबरी शिवलिंग पर जलाभिषेक, सुख-समृद्धि की मांगी मन्नत

शिवगादी की प्राकृतिक गुफा में विराजमान पीतांबरी शिवलिंग पर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। भक्तों ने बाबा के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति से शिवगादी का पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

शिवगादी धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, नई फसल अर्पित कर सफाहोड़ समाज ने मनाया नवान्न पर्व

नई फसल की बालियां अर्पित कर सफाहोड़ समाज ने निभाई परंपरा

कार्तिक पूर्णिमा पर शिवगादी धाम में सफाहोड़ समाज का पारंपरिक नवान्न पर्व भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। नई फसल के आगमन पर समाज के महिला-पुरुष श्रद्धालु अपने धर्मगुरुओं के सानिध्य में पारंपरिक अनुष्ठान के लिए पहुंचे। पूजा में धान की नई बालियां, बांस से निर्मित नए सूप और प्राकृतिक घास से तैयार नए झाड़ू को विशेष स्थान दिया गया। समाज के लोगों ने इन पारंपरिक सामग्रियों को भगवान को अर्पित कर नई फसल का स्वागत किया और अपनी धार्मिक मान्यताओं का निर्वहन किया।

नवान्न पर्व में दिखी प्रकृति और अन्न के प्रति आस्था की झलक

सफाहोड़ समाज की यह परंपरा प्रकृति, धरती और अन्न के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। नई फसल के आगमन पर पूजा-अर्चना कर समाज के लोगों ने महादेव के प्रति आभार जताया। धर्मगुरुओं के मार्गदर्शन में सामूहिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस दौरान अच्छी पैदावार, किसानों की खुशहाली और पूरे क्षेत्र की समृद्धि की कामना की गई। कार्तिक पूर्णिमा पर शिवगादी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और नवान्न पर्व के पारंपरिक अनुष्ठान ने धार्मिक आस्था के साथ आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी रेखांकित किया।

Loading

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

About The Author

Related Articles

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button