pakud news:चार परिवारों को मिला पक्के मकान का तोहफा, नए आशियाने में गृह प्रवेश कर खिले लाभुकों के चेहरे
विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने फीता काटकर व नारियल फोड़कर किया उद्घाटन, लाभुकों को दी शुभकामनाएं
कोटालपोखर। झारखंड राज्य स्थापना दिवस अभियान के तहत मंगलवार को बरहरवा प्रखंड की सातगाछी पंचायत के अढ़ाईटीकर, श्यामपुर एवं तेतुलिया गांव में चार परिवारों के लिए खुशियों का नया अध्याय शुरू हुआ। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी आवास योजना के तहत विजया दासी, सोनू रविदास, उषा देवी एवं सईदुल रहमान के नवनिर्मित पक्के मकानों में गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर नए आवासों का उद्घाटन किया। उन्होंने सभी लाभुकों को नए घर में प्रवेश करने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर बरकत खान ने कहा कि आवास योजना जरूरतमंद और गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की झारखंड सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इससे गरीब परिवारों को न केवल सुरक्षित छत मिलती है, बल्कि उनके जीवन में खुशहाली और आत्मसम्मान का भी संचार होता है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सरकार और जनप्रतिनिधियों को मिलकर प्रयास करना होगा, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार आवास जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित न रहे।
गृह प्रवेश समारोह के दौरान लाभुकों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। अपने नए पक्के मकान में प्रवेश कर लाभुकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर पंचायत सचिव अरुण कुमार साहा, मुखिया पति मताल टुडू, उपमुखिया तसद्दुक हुसैन, रोजगार सेवक देवाशीष सरकार, स्वयंसेवक विकास कुशवाहा, सुभाष ठाकुर, वार्ड सदस्य संजय साह, मनोज रविदास, गणेश रविदास, असगर शेख सहित लाभुक एवं दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।
![]()