कोटालपोखर में चक्रवाती तूफान अकवन का असर, बूंदाबांदी से धान किसानों की बढ़ी चिंता
खेतों से खलिहान तक फसल बचाने की जद्दोजहद, बारिश तेज हुई तो महीनों की मेहनत पर फिर सकता है पानी

चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ के असर से कोटालपोखर में बूंदाबांदी, खेतों में कटी धान की फसल ने बढ़ाई किसानों की चिंता
रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू।
कोटालपोखर। चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ के असर से कोटालपोखर क्षेत्र में शुक्रवार की अहले सुबह से रुक-रुककर हो रही बूंदाबांदी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। आसमान में छाए घने बादलों और बदलते मौसम के बीच खेतों में कटी धान की फसल तथा खलिहानों में खुले आसमान के नीचे रखे धान पर बारिश का खतरा मंडराने लगा है। किसानों को आशंका है कि यदि बारिश तेज हुई तो महीनों की मेहनत और सालभर की कमाई पर पानी फिर सकता है।
दरअसल, धान की कटाई के बाद किसान जल्द से जल्द फसल समेटकर सुरक्षित घर पहुंचाने की तैयारी में थे। लेकिन मौसम के बदले मिजाज ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है। क्षेत्र के कई गांवों में किसानों की कटी धान की फसल अब भी खेतों में पड़ी हुई है। वहीं, धान की झाड़ाई कर चुके किसान भी उसे खुले आसमान के नीचे रखने को मजबूर हैं। ऐसे में तेज बारिश होने पर धान भींगने, दानों में नमी बढ़ने और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। इसका सीधा असर बाजार में मिलने वाली कीमत पर भी पड़ सकता है।
खेतों में फसल, किसानों के सामने उसे बचाने की चुनौती
कोटालपोखर क्षेत्र में धान की कटाई और फसल तैयार करने का काम अंतिम चरण में है। मौसम की बेरुखी ने किसानों की तैयारियों को प्रभावित कर दिया है। खेतों से कटी फसल समेटने और खलिहानों में रखे धान को सुरक्षित करने के लिए किसान दिन-रात जुटे हैं। किसानों का कहना है कि यदि लगातार बारिश हुई तो फसल को नुकसान से बचाना मुश्किल हो जाएगा।

बूंदाबांदी शुरू होते ही बढ़ी बेचैनी
मयूरकोला-बिजयपुर गांव के किसान नीति साहा ने बताया कि धान की फसल कटकर अभी खेतों में पड़ी हुई है। सुबह से हो रही बूंदाबांदी के बाद फसल को सुरक्षित करने की चिंता सता रही है। कटाई के बाद फसल समेटने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है। यदि बारिश तेज हुई तो धान भींग जाएगा, जिससे उसकी गुणवत्ता और बाजार मूल्य दोनों प्रभावित हो सकते हैं।
मौसम की मार से बिगड़ सकता है सालभर का आर्थिक गणित
कोटालपोखर क्षेत्र के अधिकांश ग्रामीण परिवारों की आजीविका खेती पर निर्भर है। धान की फसल उनके लिए सालभर की मेहनत और आमदनी का प्रमुख आधार है। ऐसे में तैयार फसल पर बारिश का खतरा किसानों के लिए बड़ी आर्थिक चिंता बन गया है। फिलहाल किसान मौसम के हर बदलाव पर नजर रखे हुए हैं और खेतों में पड़ी फसल को जल्द से जल्द सुरक्षित करने की कोशिश कर रहे हैं। आसमान में छाए बादलों के बीच किसानों को अब मौसम साफ होने का इंतजार है।
![]()





