धालभूमगढ़ में 15 परिवारों का गृह प्रवेश, 57 सखी मंडलों को मिले 67 लाख रुपये
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा पर परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित, विधायक सोमेश सोरेन, डीसी और डीडीसी ने लाभुकों को सौंपे प्रमाण पत्र एवं सहायता राशि

धालभूमगढ़ में 15 परिवारों का हुआ गृह प्रवेश, 57 सखी मंडलों को मिले 67 लाख रुपये
रिपोर्ट:सोहन साह, जमशेदपुर।
जमशेदपुर। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत धालभूमगढ़ प्रखंड में गृह प्रवेश सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, उपायुक्त राजीव रंजन एवं उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों, प्रमाण पत्रों एवं सहायता राशि का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के तहत अबुआ आवास योजना के 15 लाभुक परिवारों का गृह प्रवेश कराया गया। वहीं, फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के अंतर्गत 37 लाभुकों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। सर्वजन पेंशन योजना के तहत 10 लाभुकों को पेंशन स्वीकृति का लाभ दिया गया। इसके अलावा 28 लाभुकों को मुद्रा ऋण उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) के तहत सखी मंडलों को आर्थिक सहायता प्रदान करना रहा। इसके अंतर्गत 57 स्वयं सहायता समूहों (सखी मंडलों) को कुल 67 लाख रुपये का सांकेतिक चेक सौंपा गया। इससे महिला समूहों की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और आजीविका के नए अवसर विकसित करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आवास सुविधा, स्वरोजगार, महिला सशक्तीकरण एवं आजीविका संवर्धन को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी बबली कुमारी सहित प्रखंड के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
![]()





